← वापस
इंदौर

इंदौर को मिली नई रफ्तार: मुख्यमंत्री ने किया लवकुश चौराहे के डबल डेकर ब्रिज का लोकार्पण

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
इंदौर को मिली नई रफ्तार: मुख्यमंत्री ने किया लवकुश चौराहे के डबल डेकर ब्रिज का लोकार्पण

ब्रिज के ऊपर सड़क,बीच में मेट्रो ट्रैक; सिंहस्थ और सुपर कॉरिडोर की आवाजाही होगी आसान

इंदौर। प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर को गुरुवार को विकास की एक और बड़ी सौगात मिली। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने लवकुश चौराहे पर प्रदेश के पहले आधुनिक डबल डेकर ब्रिज का लोकार्पण किया। इस परियोजना के शुरू होने से शहर की यातायात व्यवस्था को नई गति मिलेगी, वहीं सिंहस्थ-2028 को देखते हुए उज्जैन, सांवेर और सुपर कॉरिडोर की ओर आने-जाने वाले लाखों लोगों को भी बड़ी राहत मिलेगी।

यह डबल डेकर ब्रिज अपनी आधुनिक संरचना के कारण प्रदेश में विशेष पहचान रखता है। इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि ऊपरी स्तर पर सड़क यातायात संचालित होगा, जबकि बीच से मेट्रो रेल का कॉरिडोर गुजरेगा। इससे सड़क और मेट्रो, दोनों का संचालन एक ही संरचना में संभव हो सकेगा।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि इंदौर आज विकास, नवाचार और आधुनिक अधोसंरचना का प्रतीक बन चुका है। डबल डेकर ब्रिज अत्याधुनिक इंजीनियरिंग का उत्कृष्ट उदाहरण है, जो भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार इंदौर को विश्वस्तरीय शहर बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है।

इंदौर को मिली नई रफ्तार: मुख्यमंत्री ने किया लवकुश चौराहे के डबल डेकर ब्रिज का लोकार्पण - 2

मुख्यमंत्री ने इंदौरवासियों और प्रदेश की जनता को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि यह परियोजना केवल एक पुल नहीं, बल्कि विकास, बेहतर यातायात और राष्ट्र निर्माण की दिशा में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम है। ब्रिज शुरू होने से शहर में ट्रैफिक का दबाव कम होगा, यात्रा समय बचेगा और आने वाले वर्षों में बढ़ते यातायात को भी सुगमता से संभाला जा सकेगा।

खबरें और भी हैं...