← वापस
इंदौर

इंदौर को ₹1,214 करोड़ की बड़ी सौगात: जल-सीवरेज परियोजनाओं को केंद्र की मंजूरी

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
इंदौर को ₹1,214 करोड़ की बड़ी सौगात: जल-सीवरेज परियोजनाओं को केंद्र की मंजूरी

अर्बन चैलेंज फंड से मिलेगा ₹302.70 करोड़ का अनुदान; नर्मदा फेज-4 का होगा विस्तार, सीवरेज नेटवर्क और एसटीपी होंगे आधुनिक

इंदौर। शहर की जल आपूर्ति और सीवरेज व्यवस्था को आधुनिक बनाने की दिशा में इंदौर को बड़ी सौगात मिली है। केंद्र सरकार ने अर्बन चैलेंज फंड के तहत इंदौर नगर निगम की ₹1,214.54 करोड़ लागत वाली जल प्रदाय और सीवरेज परियोजनाओं को मंजूरी दे दी है। नई दिल्ली में आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय की एपेक्स कमेटी की बैठक में नगर निगम के प्रस्तावों को स्वीकृति मिली।

स्वीकृत परियोजनाओं में ₹907.74 करोड़ की जल प्रदाय योजनाएं और ₹306.80 करोड़ की सीवरेज परियोजनाएं शामिल हैं। नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने बताया कि इन योजनाओं के लिए केंद्र सरकार करीब ₹302.70 करोड़ का अनुदान देगी। इस राशि से नर्मदा परियोजना फेज-4 के तहत नई जल वितरण लाइनें बिछाई जाएंगी, सीवरेज नेटवर्क का विस्तार होगा तथा आधुनिक अधोसंरचना विकसित की जाएगी।

परियोजनाओं के पूरा होने के बाद शहर में पेयजल आपूर्ति अधिक सुचारु होगी, सीवरेज व्यवस्था मजबूत बनेगी और आधुनिक सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट के जरिए उपचारित पानी के पुन: उपयोग को बढ़ावा मिलेगा। इससे भूजल संरक्षण के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी मजबूती मिलेगी।

महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने इसे इंदौर के भविष्य के लिए बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि केंद्र सरकार की मंजूरी से शहर की आधारभूत सुविधाएं और मजबूत होंगी तथा इंदौर सतत एवं आधुनिक शहरी विकास की दिशा में एक और बड़ी छलांग लगाएगा।

खबरें और भी हैं...