83 करोड़ की लागत से बने अस्पताल का उद्घाटन; बलराम कृषि महोत्सव का शुभारंभ,अबूधाबी फ्लाइट शुरू होने पर भी जताई खुशी
इंदौर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को इंदौर को विकास, स्वास्थ्य और कृषि क्षेत्र से जुड़ी कई बड़ी सौगातें दीं। उन्होंने 83 करोड़ रुपये की लागत से बने 300 बिस्तरीय जिला चिकित्सालय के नए भवन का लोकार्पण किया और चंदन नगर से एयरपोर्ट तक नई सड़क बनाने की घोषणा की। इसके साथ ही उन्होंने बलराम कृषि महोत्सव-2026 का शुभारंभ कर कृषि क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों का सम्मान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नया जिला अस्पताल आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं से सुसज्जित होगा और 300 से अधिक बिस्तरों के माध्यम से आम जनता को बेहतर इलाज मिलेगा। उन्होंने कहा कि मां अहिल्याबाई की नगरी में यह अस्पताल स्वास्थ्य सेवा का नया केंद्र बनेगा। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य हर नागरिक को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
बलराम कृषि महोत्सव को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आयोजन किसानों को आधुनिक तकनीक, प्राकृतिक खेती, कृषि यंत्रीकरण और शासन की योजनाओं से जोड़ने का महत्वपूर्ण मंच बनेगा। उन्होंने कहा कि कृषक कल्याण वर्ष के तहत सरकार किसानों की आय बढ़ाने और खेती को लाभकारी बनाने के लिए लगातार काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहां केंद्र सरकार की आर्थिक और स्वास्थ्य नीतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि जीएसटी जैसे कठिन फैसलों ने देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती दी है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में मेडिकल कॉलेजों और मेडिकल सीटों की संख्या लगातार बढ़ रही है तथा आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन योग्य विद्यार्थियों की निजी मेडिकल कॉलेजों की फीस भी राज्य सरकार वहन कर रही है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जनता की सुविधा के लिए हर जरूरी कार्य करेगी। इसी कड़ी में चंदन नगर से एयरपोर्ट तक नई सड़क बनाई जाएगी। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि प्रदेश में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को लेकर व्यापक जनसंवाद के बाद सरकार वर्षाकालीन विधानसभा सत्र में आगे बढ़ेगी। साथ ही उन्होंने कहा कि इंदौर से अबूधाबी के लिए सीधी उड़ान शुरू होना मध्य प्रदेश की बढ़ती वैश्विक पहचान का प्रतीक है। कार्यक्रम में सांसद शंकर लालवानी,मंत्री कैलाश विजयवर्गीय,मंत्री तुलसी सिलावट, विधायक मालिनी गौड़,महेंद्र हार्डिया,महापौर पुष्प मित्र भार्गव,एंव वरिष्ठ नेता एवं अधिकारी मौजूद थे।