← वापस
इंदौर

इंदौर की तंग गलियों में अब आग से मुकाबले के लिए दौड़ेगी ‘फायर बाइक’  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
इंदौर की तंग गलियों में अब आग से मुकाबले के लिए दौड़ेगी ‘फायर बाइक’

 

सीएम डॉ. मोहन यादव ने 4 अत्याधुनिक फायर बाइक को दिखाई हरी झंडी; सराफा-56 दुकान जैसे भीड़भाड़ वाले इलाकों में मिनटों में पहुंचेगी टीम

    इंदौर। शहर में आग लगने पर बड़े दमकल वाहनों के पहुंचने का इंतजार अब चुनौती नहीं रहेगा। सकरी गलियों और भीड़भाड़ वाले बाजारों में तेजी से पहुंचकर आग पर शुरुआती काबू पाने के लिए इंदौर को चार अत्याधुनिक फायर बाइक मिली हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अटल बथ पर इन फायर बाइक को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

      कार्यक्रम में नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, महापौर पुष्यमित्र भार्गव सहित सांसद, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

    सराफा-56 दुकान जैसे इलाकों में बड़ा फायदा

इंदौर के सराफा बाजार, छप्पन दुकान सहित कई प्रमुख बाजारों में गलियां संकरी और भीड़भाड़ वाली हैं। ऐसे स्थानों पर बड़े फायर वाहन को घटनास्थल तक पहुंचाने में समय लग सकता है। आग के शुरुआती मिनटों को बेहद अहम मानते हुए फायर बाइक को ऐसे ही क्षेत्रों के लिए तैयार किया गया है। बाइक पर सवार प्रशिक्षित कर्मचारी तेजी से मौके पर पहुंचकर आग बुझाने की कार्रवाई शुरू कर सकेंगे।

     इंदौर की तंग गलियों में अब आग से मुकाबले के लिए दौड़ेगी ‘फायर बाइक’

  - 2

40 लीटर पानी, 4 लीटर फोम की क्षमता

प्रत्येक फायर बाइक में 40 लीटर तक पानी और 4 लीटर फोम रखने की सुविधा है। आसपास बोरिंग या अन्य जलस्रोत उपलब्ध होने पर बाइक के जरिए वहां से पानी लेकर भी आग बुझाने में इस्तेमाल किया जा सकेगा। यानी जहां दमकल की बड़ी गाड़ी पहुंचने में रास्ता अड़चन बनेगा, वहां बाइक रास्ता तलाशकर आग तक पहुंचेगी।

        कर्मचारियों को दिया प्रशिक्षण

फायर बाइक के संचालन के लिए फायर विभाग के कर्मचारियों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया है। इन कॉम्पैक्ट वाहनों का उपयोग आकस्मिक अग्नि दुर्घटनाओं में त्वरित प्रतिक्रिया के लिए किया जाएगा। प्रशासन का दावा है कि इससे शहर की अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलेगी और भीड़भाड़ वाले इलाकों में शुरुआती स्तर पर आग को फैलने से रोकने में मदद मिलेगी।

खबरें और भी हैं...