11 से 12 घंटे का शटडाउन; 27 अक्टूबर को सुबह की जलापूर्ति होगी प्रभावित, जरूरत के मुताबिक टैंकरों से पहुंचेगा पानी
इंदौर। शहर में नर्मदा प्रथम और द्वितीय चरण के पंप बंद होने से मंगलवार,आज 27 अक्टूबर को 19 टंकियों से जुड़े क्षेत्रों में सुबह का जलप्रदाय प्रभावित रहेगा। नगर निगम ने सोमवार सुबह 10:20 बजे विभिन्न पाइपलाइनों के इंटरकनेक्शन, लीकेज सुधार और आवश्यक संधारण कार्यों के लिए सभी पंप बंद किए। इन कार्यों को पूरा करने में 11 से 12 घंटे लगने का अनुमान है।
नगर निगम के जलप्रदाय विभाग के अनुसार, केसरबाग रेलवे क्रॉसिंग के पास 1100 मिमी की पाइपलाइन का इंटरकनेक्शन किया जा रहा है। इसके अलावा महू स्थित एमसीटीई, महू रोड पुलिया के अंदर 1200 मिमी पाइपलाइन, बीजलपुर नियंत्रण कक्ष में 900 मिमी पाइपलाइन, अन्नपूर्णा क्षेत्र में 400 मिमी पाइपलाइन तथा डाइट के पास 600 मिमी एमएस पाइपलाइन में लीकेज सुधार और संधारण कार्य किए जा रहे हैं। बीएफ-3 पाइपलाइन का लीकेज भी सुधारा जा रहा है।
इन क्षेत्रों में प्रभावित रहेगा जलप्रदाय
अन्नपूर्णा, स्कीम नंबर 103, छत्रीबाग, राजमोहल्ला, द्रविड़ नगर, लोकमान्य नगर, महाराणा, नरवल, अगरबत्ती, कुशवाह मोहल्ला, बाणगंगा, सुभाष चौक, सदर बाजार, जिंसी हाट, मल्हार आश्रम, गांधी हॉल, भक्त प्रहलाद नगर, एमओजी लाइन और जय हिंद नगर की टंकियों से जुड़े क्षेत्रों में सुबह पानी की आपूर्ति प्रभावित रहेगी।
जरूरत के मुताबिक टैंकरों से मिलेगा पानी
नगर निगम ने प्रभावित क्षेत्रों के नागरिकों से पानी का मितव्ययितापूर्वक उपयोग करने और आवश्यकतानुसार पानी का भंडारण रखने की अपील की है। विभाग के अनुसार, जरूरत पड़ने पर प्रभावित क्षेत्रों में टैंकरों के माध्यम से पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा।