← वापस
इंदौर

इंदौर में 25 अगस्त को 24 घंटे का जलप्रदाय शटडाउन: 20 टंकियां नहीं भर पाएंगी; 26 अगस्त को इन क्षेत्रों में पानी की सप्लाई प्रभावित

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
इंदौर में 25 अगस्त को 24 घंटे का जलप्रदाय शटडाउन: 20 टंकियां नहीं भर पाएंगी; 26 अगस्त को इन क्षेत्रों में पानी की सप्लाई प्रभावित

इंदौर। शहर में पाइपलाइन की मरम्मत और इंटरकनेक्शन कार्य के चलते 25 अगस्त को 1200 एमएम व्यास की मुख्य पाइपलाइन में करीब 24 घंटे का शटडाउन रहेगा। इसके चलते 25 अगस्त की डायरेक्ट जलापूर्ति और 26 अगस्त को 20 टंकियों से जुड़े क्षेत्रों में नियमित जलप्रदाय प्रभावित होगा। नगर निगम ने प्रभावित इलाकों में टैंकर से वैकल्पिक व्यवस्था करने की बात कही है।

  जलप्रदाय विभाग के अनुसार महू नाका क्षेत्र में 250 एमएम का वॉल्व खराब होने से झोन-12 की डायरेक्ट सप्लाई प्रभावित है। शटडाउन के दौरान खराब वॉल्व बदलने का काम किया जाएगा। इसके साथ बिलावली घाटी की 1200 एमएम पाइपलाइन में लीकेज सुधार, राजेंद्र नगर ब्रिज के नीचे पुरानी पाइपलाइन के लीकेज की मरम्मत, इंटरकनेक्शन और आवश्यक वॉल्व लगाने का काम भी होगा।

इन क्षेत्रों में असर

अन्नपूर्णा, स्कीम नंबर 103, छत्रीबाग, राज मोहल्ला, द्रविड़ नगर, लोकमान्य नगर, महाराणा, नरवल, अगरबत्ती, कुशवाह मोहल्ला, टीगरिया, बाणगंगा, सुभाष चौक, सदर बाजार, जिंसी हाट, मल्हार आश्रम, गांधी हॉल, भक्त प्रह्लाद नगर, एमओजी लाइन और जय हिंद नगर की टंकियां पूरी तरह नहीं भर पाएंगी।

निगम ने नागरिकों से आवश्यकतानुसार पहले से पानी संग्रहित रखने की अपील की है। प्रभावित क्षेत्रों में जरूरत के अनुसार टैंकरों से पानी उपलब्ध कराया जाएगा।

खबरें और भी हैं...