इंदौर। फोटोयुक्त मतदाता सूची के वार्षिक पुनरीक्षण-2026 के तहत अंतिम प्रकाशित मतदाता सूची की समीक्षा गुरुवार को कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी शिवम वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित स्टैंडिंग कमेटी की बैठक में की गई। बैठक में निर्वाचन आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पुनरीक्षण कार्य, दावे-आपत्तियों के निराकरण की जानकारी दी गई और मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को अंतिम मतदाता सूची वितरित की गई।
बैठक में बताया गया कि 27 जुलाई को अंतिम फोटोयुक्त मतदाता सूची प्रकाशित की जा चुकी है। इसके अनुसार इंदौर जिले में नगरीय निकायों और पंचायत क्षेत्रों को मिलाकर कुल 25 लाख 8 हजार 181 मतदाता दर्ज हैं। इनमें 12 लाख 62 हजार 983 पुरुष, 12 लाख 45 हजार 93 महिला तथा 105 अन्य मतदाता शामिल हैं। नगर निगम इंदौर में सबसे अधिक 16 लाख 61 हजार 801 मतदाता पंजीकृत हैं।
कलेक्टर शिवम वर्मा ने निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता और शुद्ध मतदाता सूची के महत्व पर जोर दिया। बैठक में सहायक उप जिला निर्वाचन अधिकारी अजीत श्रीवास्तव, मास्टर ट्रेनर आर.के. पांडे सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। अंतिम मतदाता सूची का अवलोकन संबंधित वार्डों और ग्राम पंचायतों में किया जा सकता है।