← वापस
इंदौर

इंदौर में 5.80 लाख की एमडी ड्रग्स जब्त: सुखलिया से दो तस्कर गिरफ्तार, नेटवर्क खंगाल रही क्राइम ब्रांच  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
इंदौर में 5.80 लाख की एमडी ड्रग्स जब्त: सुखलिया से दो तस्कर गिरफ्तार, नेटवर्क खंगाल रही क्राइम ब्रांच

 

इंदौर। शहर में नशे के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए क्राइम ब्रांच ने बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने एमआर-4 रोड स्थित बीआरटीएस बस स्टैंड, सुखलिया के पास घेराबंदी कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 58.48 ग्राम अवैध एमडी ड्रग्स बरामद हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 5.80 लाख रुपए आंकी गई है।

   पुलिस के मुताबिक गश्त के दौरान एक संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर भागने लगा। घेराबंदी कर उसे पकड़ने पर उसने अपनी पहचान साहिल शाह (19), निवासी अंबेडकर नगर, नीमच के रूप में बताई। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने उसके साथी एल्केफ पिता शहजाद, निवासी दावतखेड़ी, मंदसौर को भी गिरफ्तार कर लिया। साहिल फल बेचने का काम करता है और उसके खिलाफ नीमच के कैंट थाने में पहले से आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।

  क्राइम ब्रांच ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। डीसीपी क्राइम ब्रांच राजेश त्रिपाठी के निर्देशन में आरोपियों से ड्रग्स सप्लायर और खरीददारों के नेटवर्क के संबंध में पूछताछ की जा रही है।

   पुलिस के अनुसार, 1 जनवरी से अब तक क्राइम ब्रांच ने नशीले पदार्थों के 54 मामलों में 113 तस्करों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान एमडी ड्रग्स, गांजा, भांग, ब्राउन शुगर और अवैध हथियार भी बरामद किए गए हैं।

खबरें और भी हैं...