राजेंद्र नगर में सुधार कार्य के लिए साढ़े छह घंटे बंद रहे पंप, अन्नपूर्णा से बाणगंगा और राजमोहल्ला तक असर की आशंका
इंदौर। नर्मदा जलप्रदाय परियोजना की 1200 एमएम व्यास की मुख्य पाइपलाइन में लीकेज सुधार का असर मंगलवार सुबह शहर की जलापूर्ति पर पड़ सकता है। राजेंद्र नगर मेन रोड पर पाइपलाइन सुधार के लिए सोमवार दोपहर 3:50 बजे नर्मदा प्रथम और द्वितीय चरण के सभी पंप बंद किए गए थे। सुधार कार्य पूरा होने के बाद रात 10:10 बजे पंप दोबारा चालू कर दिए गए।
पंप बंद रहने की अवधि में पर्याप्त पानी नहीं मिलने से 13 अक्टूबर की सुबह 20 टंकियां पूरी क्षमता से नहीं भर पाएंगी। इसके चलते संबंधित क्षेत्रों में जलप्रदाय प्रभावित होने की आशंका है।
इन क्षेत्रों में रहेगी परेशानी: अन्नपूर्णा, स्कीम नंबर 103, छत्रीबाग, राजमोहल्ला, द्रविड़ नगर, लोकमान्य नगर, महाराणा, नरवल, अगरबत्ती, कुशवाह मोहल्ला, टिगरिया, बाणगंगा, सुभाष चौक, सदर बाजार, जिंसी हाट, मल्हार आश्रम, गांधी हॉल, भक्त प्रहलाद नगर, एमओजी लाइन और जय हिंद नगर की टंकियां प्रभावित हो सकती हैं।
नगर निगम ने नागरिकों से पानी का आवश्यकतानुसार उपयोग करने और अपव्यय से बचने की अपील की है।