आमजन से मांगे जाएंगे सुझाव, ध्वनि विस्तारक यंत्रों की शिकायत के लिए हेल्पलाइन की तैयारी
इंदौर। शहर में ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए अब शांत क्षेत्रों का दायरा बढ़ाया जाएगा। उच्च न्यायालय की इंदौर खंडपीठ द्वारा 24 सितंबर 2026 को पारित आदेश के अनुपालन में इंदौर नगरीय क्षेत्र में शांत क्षेत्र घोषित करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
हाईकोर्ट ने नगरीय क्षेत्र में पहले से घोषित शांत क्षेत्रों के संबंध में निर्देश जारी करने के साथ ही नए शांत क्षेत्र चिन्हित करने के लिए आमजन से सुझाव लेने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत शहरवासियों से ऐसे स्थानों की जानकारी और सुझाव लिए जाएंगे, जहां ध्वनि प्रदूषण की समस्या अधिक है और शांत क्षेत्र घोषित किए जाने की आवश्यकता महसूस होती है।
इसके अलावा ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग से जुड़ी समस्याओं और शिकायतों को संबंधित विभाग तक पहुंचाने के लिए हेल्पलाइन नंबर निर्धारित करने के संबंध में भी निर्देश दिए गए हैं। संबंधित विभाग हाईकोर्ट के निर्देशों के अनुसार आवश्यक कार्रवाई करेंगे।
आमजन से प्राप्त सुझावों के आधार पर शहर में भविष्य में जरूरत के अनुसार नए शांत क्षेत्र घोषित किए जा सकेंगे। इससे अस्पताल, शैक्षणिक संस्थान और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण की दिशा में कार्रवाई की जा सकेगी।