← वापस
इंदौर

इंदौर में अपराधियों पर कमिश्नर की सख्ती: 3 कुख्यात बदमाश जिलाबदर, 8 आदतन अपराधियों पर कड़े प्रतिबंध  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
इंदौर में अपराधियों पर कमिश्नर की सख्ती: 3 कुख्यात बदमाश जिलाबदर, 8 आदतन अपराधियों पर कड़े प्रतिबंध

 

इंदौर। शहर में अपराध पर लगाम कसने के लिए इंदौर पुलिस ने आदतन अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाते हुए सख्त कार्रवाई की है। पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह के निर्देश पर तीन कुख्यात बदमाशों को जिलाबदर कर इंदौर सहित सीमावर्ती जिलों की राजस्व सीमा से निर्धारित अवधि तक बाहर रहने के आदेश जारी किए गए हैं। वहीं आठ अन्य आदतन अपराधियों पर निर्बंधन आदेश लागू कर उन्हें कड़ी निगरानी में रखा गया है।

    पुलिस के अनुसार इन सभी आरोपियों के खिलाफ शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में हत्या, मारपीट,लूट,अवैध हथियार,बलवा और अन्य गंभीर अपराधों के कई मामले दर्ज हैं। इनके विरुद्ध पूर्व में भी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई थी, लेकिन लगातार आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहने और लोकशांति भंग करने के कारण पुलिस ने दोबारा कठोर कदम उठाया।

   विभिन्न जोनों के पुलिस अधिकारियों द्वारा प्रस्तुत प्रतिवेदनों के आधार पर मध्यप्रदेश राज्य सुरक्षा अधिनियम, 1990 के तहत यह कार्रवाई की गई। आदेश के मुताबिक राजकुमार खटीक को छह माह के लिए,जबकि अजय उर्फ भोला और राहुल उर्फ दादिया को तीन-तीन माह के लिए जिलाबदर किया गया है।

     इसके अलावा आठ आदतन अपराधियों पर निर्बंधन आदेश लागू करते हुए उन्हें निर्धारित अवधि तक संबंधित थाने में नियमित हाजिरी देने, किसी भी आपराधिक गतिविधि से दूर रहने और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों में शामिल नहीं होने के निर्देश दिए गए हैं।

    पुलिस ने साफ किया है कि आदेश की किसी भी शर्त का उल्लंघन करने पर संबंधित आरोपियों के खिलाफ तत्काल कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई में शासन की ओर से एडीपीओ अजय प्रताप बुंदेला ने प्रभावी पैरवी की। पुलिस का कहना है कि अपराधियों पर ऐसी सख्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी, ताकि शहर में शांति और कानून-व्यवस्था बनी रहे।

खबरें और भी हैं...