← वापस
इंदौर

इंदौर में जर्जर भवनों पर निगम का शिकंजा, 80 साल पुराना मकान ढहाया; हादसों से बचाव के लिए अभियान तेज

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
इंदौर में जर्जर भवनों पर निगम का शिकंजा, 80 साल पुराना मकान ढहाया; हादसों से बचाव के लिए अभियान तेज

इंदौर। शहर में जर्जर और खतरनाक भवनों के खिलाफ नगर निगम का अभियान लगातार जारी है। नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए निगम ऐसे भवनों को चिन्हित कर उन्हें हटाने की कार्रवाई कर रहा है, ताकि बारिश के मौसम में किसी भी संभावित हादसे से बचा जा सके।

मंगलवार को नगर निगम के ज़ोन क्रमांक-3 के अंतर्गत 11 जूना कसेरा बाखल क्षेत्र में एक अत्यंत जर्जर मकान को पोकलेन मशीन की सहायता से ध्वस्त किया गया। भवन अधिकारी पल्लवी पाल ने बताया कि मकान करीब 70 से 80 वर्ष पुराना था और अत्यधिक जर्जर स्थिति में पहुंच चुका था। विशेषज्ञों की जांच में इसे अति खतरनाक श्रेणी में रखा गया था।

उन्होंने बताया कि मकान पहले से खाली था और उस पर किसी प्रकार का स्वामित्व या अन्य विवाद नहीं था। इसलिए सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए रिमूवल की कार्रवाई शांतिपूर्वक पूरी की गई। नगर निगम का कहना है कि शहर में चिन्हित अन्य जर्जर भवनों पर भी चरणबद्ध तरीके से कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि जनहानि और दुर्घटनाओं की आशंका को पूरी तरह रोका जा सके।

खबरें और भी हैं...