अर्बन कॉन्क्लेव में छोटे शहरों के विकास,डिजिटल व्यवस्था,आवास, जल सुरक्षा और हरित ऊर्जा पर बनेगी रणनीति; निजी निवेश और नई परियोजनाओं पर रहेगा जोर
इंदौर। शहरों को आधुनिक, सुविधायुक्त और पर्यावरण के अनुकूल बनाने के साथ नगरीय विकास में निवेश बढ़ाने के लिए बुधवार को इंदौर में अर्बन कॉन्क्लेव का शुभारंभ होगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में आयोजित इस आयोजन की शुरुआत करेंगे। कार्यक्रम में वे निवेशकों से आमने-सामने चर्चा कर शहरी परियोजनाओं, निवेश की संभावनाओं और भावी साझेदारी पर विचार-विमर्श करेंगे।
कॉन्क्लेव में प्रदेश के शहरी विकास की दिशा तय करने के लिए विभिन्न विषयों पर मंथन होगा। खासतौर पर महानगरों के साथ श्रेणी-2 के शहरों के विकास, आवास, पुनर्विकास,मास्टर प्लान,परिवहन आधारित विकास और शहरी अधोसंरचना में निवेश पर जोर रहेगा।
डिजिटल व्यवस्था से आसान होंगी अनुमतियां
नगरीय प्रशासन में तकनीक के उपयोग और प्रक्रियाओं को सरल बनाने पर भी चर्चा होगी। स्वचालित भवन अनुमति, ऑनलाइन अनापत्ति प्रमाण-पत्र, भौगोलिक सूचना प्रणाली आधारित नियोजन और परियोजना प्रबंधन जैसे विषयों के जरिए शहरी सेवाओं को अधिक पारदर्शी और सुविधाजनक बनाने की संभावनाएं तलाशी जाएंगी। कारोबार और निर्माण परियोजनाओं की मंजूरियों को सरल बनाने पर भी विचार होगा।
जल सुरक्षा से हरित ऊर्जा तक चर्चा
जलवायु अनुकूल शहरों, जल पुनः उपयोग,ठोस कचरा प्रबंधन, कचरे से ऊर्जा, सौर ऊर्जा, इलेक्ट्रिक वाहनों और शहरों में हरित क्षेत्रों के विस्तार जैसे विषय भी एजेंडे में शामिल हैं। उद्देश्य शहरों में जीवन की गुणवत्ता सुधारने के साथ पर्यावरणीय चुनौतियों से निपटने के उपाय तलाशना है।
निवेश जुटाने के विकल्पों पर नजर
शहरी परियोजनाओं के लिए सार्वजनिक-निजी भागीदारी, नगर पालिका और हरित बॉन्ड,संयुक्त उपक्रम,बहुपक्षीय बैंकों से वित्त पोषण तथा अन्य वित्तीय विकल्पों पर भी चर्चा होगी।
कार्यक्रम में नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय,अपर मुख्य सचिव संजय दुबे,नगरीय विकास एवं आवास आयुक्त संकेत भोंडवे सहित वरिष्ठ अधिकारी, निवेशक,उद्योग प्रतिनिधि और विशेषज्ञ शामिल होंगे।