← वापस
इंदौर

इंदौर में कैंसर की जांच से लेकर अहिल्या स्मारक तक, मुख्यमंत्री ने खोला सौगातों का पिटारा!  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
इंदौर में कैंसर की जांच से लेकर अहिल्या स्मारक तक, मुख्यमंत्री ने खोला सौगातों का पिटारा!

 

एमवाय में अत्याधुनिक पीईटी-सीटी जांच सुविधा शुरू,150 करोड़ में बनेगा देवी अहिल्याबाई स्मारक; ग्वालियर हादसे में लापरवाही पर 8 पुलिसकर्मी निलंबित

इंदौर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को इंदौर प्रवास के दौरान स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार, ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण और धार्मिक-सामाजिक समरसता से जुड़े आयोजनों को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं और पहल कीं। एमवाय अस्पताल में अत्याधुनिक पीईटी-सीटी स्कैन सुविधा का शुभारंभ किया, वहीं लालबाग पैलेस के समीप निर्माणाधीन लोकमाता देवी अहिल्याबाई होलकर स्मारक के विकास कार्यों का निरीक्षण कर इसे भव्य स्वरूप देने के निर्देश दिए। दूसरी ओर, ग्वालियर में श्रद्धालुओं की मौत के मामले में लापरवाही पर सख्त रुख अपनाते हुए सीएसपी को हटाने और आठ पुलिसकर्मियों को निलंबित करने के निर्देश दिए।

इंदौर में कैंसर की जांच से लेकर अहिल्या स्मारक तक, मुख्यमंत्री ने खोला सौगातों का पिटारा!

  - 2

एमवाय में कैंसर की जांच होगी आसान

मुख्यमंत्री ने एमवाय अस्पताल के नए कैंसर अस्पताल खंड में पीईटी-सीटी स्कैन केंद्र का शुभारंभ किया। यह सुविधा सार्वजनिक-निजी भागीदारी मॉडल के तहत श्री अरबिंदो अस्पताल के सहयोग से शुरू की गई है। इससे कैंसर की स्थिति, उसके दूसरे अंगों तक फैलाव और उपचार की दिशा तय करने में चिकित्सकों को मदद मिलेगी। मरीजों को इस जांच के लिए दूसरे शहरों में नहीं जाना पड़ेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक तकनीक से गंभीर बीमारियों की समय पर पहचान संभव है। बीमारी सही समय पर पकड़ में आ जाए तो मरीज के ठीक होने की संभावना कई गुना बढ़ जाती है। उन्होंने बताया कि भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर और रीवा के मेडिकल कॉलेजों में भी इसी तरह के केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं। श्री अरबिंदो अस्पताल के प्रमुख डॉ. विनोद भंडारी ने आगामी तीन महीनों में एमवाय परिसर में रोबोटिक सर्जरी केंद्र स्थापित करने की योजना की जानकारी दी।

    150 करोड़ में बनेगा अहिल्या स्मारक

मुख्यमंत्री ने लालबाग पैलेस के समीप निर्माणाधीन लोकमाता देवी अहिल्याबाई होलकर स्मारक का निरीक्षण किया। लगभग 150 करोड़ रुपये की लागत से विकसित होने वाले इस स्मारक के पहले चरण में 40 करोड़ रुपये के कार्य प्रस्तावित हैं। मुख्यमंत्री ने लालबाग पैलेस, रामपुर कोठी, चंपा बावड़ी और शिव मंदिर को एकीकृत विकास योजना में शामिल करने के निर्देश दिए, ताकि पर्यटक एक ही क्षेत्र में ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहरों का अवलोकन कर सकें।

स्मारक में संग्रहालय, 3डी प्रोजेक्शन, चित्र, भित्तिचित्र और प्रकाश एवं ध्वनि कार्यक्रम के माध्यम से देवी अहिल्याबाई के जीवन, न्यायप्रियता, सुशासन और जनसेवा को प्रदर्शित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने रामपुर कोठी के जीर्णोद्धार में मूल स्थापत्य स्वरूप और ऐतिहासिक पहचान सुरक्षित रखने पर जोर दिया।

   इंदौर में कैंसर की जांच से लेकर अहिल्या स्मारक तक, मुख्यमंत्री ने खोला सौगातों का पिटारा!

  - 3

चुनरी यात्रा में दिया एकता का संदेश

मुख्यमंत्री बड़ा गणपति मंदिर से शुरू हुई विशाल चुनरी यात्रा में शामिल हुए। यात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए एरोड्रम क्षेत्र स्थित बिजासन माता मंदिर पहुंची। इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाओं और श्रद्धालुओं ने भाग लिया। जगह-जगह पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नवरात्रि का पर्व समाज में एकता, सद्भाव और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश देता है। मां के दरबार में सभी समान हैं। ऐसे धार्मिक आयोजन समाज के विभिन्न वर्गों को एक सूत्र में बांधते हैं। उन्होंने प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हुए दशहरे और दीपावली की अग्रिम शुभकामनाएं दीं।

ग्वालियर हादसे पर सख्ती, 8 पुलिसकर्मी निलंबित

ग्वालियर में शीतला माता मंदिर के पास शनिवार-रविवार की दरमियानी रात हुए ट्रक हादसे में श्रद्धालुओं की मौत के मामले में मुख्यमंत्री ने सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित सीएसपी को तत्काल हटाने और तीन थाना प्रभारियों, एक यातायात निरीक्षक, एक प्रधान आरक्षक तथा तीन आरक्षकों सहित आठ पुलिसकर्मियों को निलंबित करने को कहा। घटना की विस्तृत जांच कर जिम्मेदारी तय करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये, गंभीर घायलों को दो-दो लाख रुपये और अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। सभी घायलों का नि:शुल्क उपचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनसुरक्षा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जाएगी।

खबरें और भी हैं...