दोस्त से मिलने 2-3 दिन पहले आया था इंदौर, मोबाइल बंद मिलने पर पुलिस तलाश रही दोस्त; विशेष टीम गठित
इंदौर। एरोड्रम थाना क्षेत्र में एक खाली मैदान में युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक के शरीर पर चोट के निशान और कपड़े फटे मिलने से मामला संदिग्ध हो गया है। पुलिस हत्या की आशंका को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज की मदद से मृतक की पहचान सागर जिले के मकरोनिया निवासी संजय कुलमी के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।
पुलिस के मुताबिक संजय कुलमी दो से तीन दिन पहले अपने एक दोस्त से मिलने इंदौर आया था। इसके बाद उसका शव खाली मैदान में मिला। शुरुआती जांच में मृतक के शरीर पर चोट के निशान और कपड़ों की हालत ने पुलिस का शक गहरा दिया है। तकनीकी माध्यमों, सीसीटीवी फुटेज और नेटगेट की मदद से पुलिस ने मृतक की पहचान की।
दोस्त का मोबाइल बंद, लोकेशन तलाश रही पुलिस
जांच में सामने आए दोस्त की भूमिका और गतिविधियों को लेकर पुलिस अब उसकी तलाश में जुटी है। जिस दोस्त से मिलने संजय इंदौर आया था, उसका मोबाइल फोन फिलहाल स्विच ऑफ आ रहा है। पुलिस उसकी लोकेशन ट्रेस करने के साथ ही घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में लगी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित की गई है।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि मौत की वास्तविक वजह और चोटों की प्रकृति पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगी। फिलहाल हत्या सहित सभी संभावित पहलुओं पर जांच जारी है।नरेंद्र सिंह रावत, डीसीपी