← वापस
इंदौर

इंदौर में नवरात्रि पर कचरे से मुक्ति की पहल,सर्वश्रेष्ठ 3 पंडालों को मिलेगा सम्मान  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
इंदौर में नवरात्रि पर कचरे से मुक्ति की पहल,सर्वश्रेष्ठ 3 पंडालों को मिलेगा सम्मान

 

11 से 20 अक्टूबर तक चलेगा जीरो वेस्ट महोत्सव; गीले-सूखे कचरे के लिए अलग डस्टबिन,पानी बचाने का संदेश भी देंगे पंडाल

इंदौर। नवरात्रि में मां दुर्गा की आराधना के साथ स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के लिए इंदौर में 11 से 20 अक्टूबर तक जीरो वेस्ट नवरात्रि महोत्सव-2026 आयोजित किया जाएगा। नगर निगम इस बार दुर्गा उत्सव पंडालों में कचरा प्रबंधन, पर्यावरण-अनुकूल सजावट और जल संरक्षण पर विशेष जोर देगा। स्वच्छता, कचरा पृथक्करण और नागरिक सहभागिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शहर के तीन सर्वश्रेष्ठ पंडालों को सम्मानित किया जाएगा।

महापौर पुष्यमित्र भार्गव और निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल के निर्देश पर आयोजित होने वाले इस महोत्सव की तैयारियों को लेकर अपर आयुक्त प्रखर सिंह ने दुर्गा उत्सव समितियों और पंडाल प्रमुखों के साथ बैठक की। इसमें आयोजन स्थलों पर स्वच्छता बनाए रखने और कचरे के व्यवस्थित निस्तारण के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए।

तीन रंगों में दिखेगा स्वच्छता का संदेश

महोत्सव में 3आर यानी कचरा कम करना, वस्तुओं का पुनः उपयोग और पुनर्चक्रण की अवधारणा को बढ़ावा दिया जाएगा। पंडाल समितियों को मिट्टी की प्रतिमाएं स्थापित करने और पर्यावरण-अनुकूल सजावटी सामग्री अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। प्लास्टिक और अनुपयोगी सामग्री के अनावश्यक इस्तेमाल को कम करने पर भी जोर रहेगा।

पंडालों में गीले और सूखे कचरे के साथ पूजा सामग्री, फल-फूल एकत्र करने के लिए अलग-अलग डस्टबिन रखने होंगे। प्रसाद वितरण और भंडारे के दौरान भी कचरे को अलग-अलग एकत्र करने की व्यवस्था की जाएगी, ताकि उसका उचित निस्तारण हो सके।

कम बारिश के बीच पानी बचाने की अपील

इस बार नवरात्रि पंडालों में जल संरक्षण का संदेश भी दिया जाएगा। कम वर्षा को देखते हुए नगर निगम और गैर-सरकारी संस्थाओं के माध्यम से जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। श्रद्धालुओं को पानी का सदुपयोग करने और जल संरक्षण के लिए प्रेरित किया जाएगा।

     फोटो-वीडियो से होगा मूल्यांकन

पंडालों में स्वच्छता व्यवस्था, कचरा पृथक्करण, पर्यावरण-अनुकूल सामग्री के उपयोग, 3आर गतिविधियों और नागरिक सहभागिता का रिकॉर्ड फोटो एवं वीडियो के माध्यम से रखा जाएगा। निर्धारित मापदंडों के आधार पर मूल्यांकन कर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले तीन पंडालों को सम्मानित किया जाएगा।

खबरें और भी हैं...