← वापस
इंदौर

इंदौर में प्लास्टिक दो, हरियाली लो: 252 नागरिकों ने जमा किया 105.5 किलो प्लास्टिक, निगम ने दिए 252 पौधे

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
इंदौर में प्लास्टिक दो, हरियाली लो: 252 नागरिकों ने जमा किया 105.5 किलो प्लास्टिक, निगम ने दिए 252 पौधे

इंदौर। सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त शहर और ग्रीन इंदौर के लिए नगर निगम का नवाचार 'आधा किलो प्लास्टिक लाओ, पौधा ले जाओ' अभियान हिट हो गया है। महापौर पुष्यमित्र भार्गव और आयुक्त क्षितिज सिंघल के निर्देश पर शुरू इस अभियान में 3 दिन में ही 252 नागरिकों ने 105.5 किलो प्लास्टिक जमा कर 252 पौधे लिए हैं।

   यह अभियान 20 अगस्त से शहर के 15 आरआरआर सेंटरों पर शुरू हुआ है जो 30 अगस्त तक चलेगा। नागरिक सुबह 9 से शाम 5 बजे तक अपने नजदीकी केंद्र पर आधा किलो प्लास्टिक देकर अपनी पसंद का पौधा ले सकते हैं।

सहभागिता में पलासिया टॉप, कलेक्शन में उज्जैन नाका

       नागरिक सहभागिता में पलासिया स्क्वायर आरआरआर सेंटर सबसे आगे है। यहां अब तक 26 लोग प्लास्टिक देकर पौधे ले गए। उज्जैन नाका पर 24, वर्ल्ड कप स्क्वायर पर 22, पागनीसपागा, हवा बंगला जोन और बीसीएम हाइट्स सेंटर पर 20-20 नागरिक पहुंचे।

प्लास्टिक कलेक्शन में उज्जैन नाका 12 किलो के साथ पहले नंबर पर है। वर्ल्ड कप स्क्वायर पर 11 किलो और टेम्पो स्टैंड, पागनीसपागा, हवा बंगला और बीसीएम हाइट्स पर 10-10 किलो प्लास्टिक जमा हुआ है।

स्वास्थ्य प्रभारी अश्विनी शुक्ल ने बताया कि जमा प्लास्टिक को अधिकृत एजेंसी के माध्यम से रीसाइकल किया जाएगा। इससे प्रदूषण घटेगा और हरियाली बढ़ेगी। निगम ने नागरिकों, NGO, रहवासी संघों और युवाओं से अधिक से अधिक जुड़ने की अपील की है। सेंटर की जानकारी QR कोड स्कैन कर मिलेगी।

खबरें और भी हैं...