← वापस
इंदौर

इंदौर में पटाखा दुकानों के लिए मैदान तय,एक जगह 50 से ज्यादा लाइसेंस नहीं!

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
इंदौर में पटाखा दुकानों के लिए मैदान तय,एक जगह 50 से ज्यादा लाइसेंस नहीं!

कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश; सुरक्षा इंतजामों की जिम्मेदारी एसडीएम पर, ब्लैकलिस्ट दुकानदारों को नहीं मिलेगी अनुमति

इंदौर। दीपावली पर पटाखों की बिक्री के लिए इंदौर जिले में अस्थाई दुकानों के स्थल निर्धारित कर दिए गए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि एक मैदान में अधिकतम 50 अस्थाई लाइसेंस ही जारी किए जाएंगे। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी शिवम वर्मा के आदेश के अनुसार संबंधित अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) दुकानों के आवंटन से लेकर सुरक्षा व्यवस्था तक की निगरानी करेंगे।

   चिमनबाग से विजय नगर तक तय हुए स्थल

पटाखा दुकानों के लिए नूतन स्कूल-चिमनबाग मैदान, हार्डिया कम्पाउंड, पालदा नाका, राऊ क्षेत्र, दशहरा मैदान, आईडीए की ग्राम नैनोद स्थित भूमि, मालवा मिल अनाज मंडी, एमआर-10 चौराहा, संयोगितागंज स्कूल ग्राउंड, लिम्बोदी, तेजाजी नगर,कैलोद करताल, स्कीम-140, कनाड़िया, बंगाली चौराहा, विजय नगर और लसूड़िया सहित अन्य निर्धारित स्थान चिह्नित किए गए हैं। दुकानों का अंतिम आवंटन संबंधित एसडीएम निर्धारित प्रक्रिया के तहत करेंगे।

     सुरक्षा में चूक पर होगी कार्रवाई

प्रशासन ने दुकानों में साफ-सफाई, पानी और अन्य जरूरी सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। लाइसेंसधारियों के फोटो सत्यापित कर लाइसेंस पर लगाए जाएंगे। दुकानों का नियमित और आकस्मिक निरीक्षण भी होगा। पिछले वर्ष ब्लैकलिस्ट किए गए लाइसेंसधारियों को इस बार अनुमति नहीं दी जाएगी।

आतिशबाजी के भंडारण और बिक्री में विस्फोटक नियम, 2008 का पालन अनिवार्य रहेगा। निर्धारित सीमा से अधिक पटाखे रखने की अनुमति नहीं होगी। नियमों का उल्लंघन होने पर लाइसेंस निरस्त करने सहित नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। कार्बाइड गन की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।

  देवउठनी ग्यारस पर भी मिलेगी सशर्त अनुमति

    आदेश के अनुसार देवउठनी ग्यारस के अवसर पर 20 नवंबर 2026 को एक दिन के लिए अस्थाई अनुज्ञप्ति दी जा सकती है। यह सुविधा निर्धारित शर्तों के तहत पहले से लाइसेंस प्राप्त व्यक्तियों को ही मिलेगी।

खबरें और भी हैं...