इंदौर। अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए इंदौर पुलिस ने 8-9 अगस्त की दरमियानी रात शहरभर में सरप्राइज सघन चेकिंग अभियान चलाया। चारों जोन में वरिष्ठ अधिकारियों और थाना प्रभारियों के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने गुंडे-बदमाशों और संदिग्धों की धरपकड़ व निगरानी की। बड़ी संख्या में बदमाशों को चेक करने के बाद 472 पर वैधानिक कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान 252 से ज्यादा वारंट तामील कराए गए। इनमें 65 स्थायी, 65 गिरफ्तारी और 122 जमानती वारंट शामिल हैं। वहीं शराब पीकर वाहन चलाने वाले 148 चालकों पर धारा 185 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई में एरोड्रम पुलिस ने दो आरोपियों से एक-एक चाकू और तुकोगंज पुलिस ने एक आरोपी से चाकू बरामद कर आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया। सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने वालों के खिलाफ 12 और मादक पदार्थों के सेवन के मामले में 4 प्रकरण दर्ज किए गए।
पुलिस ने आदतन अपराधियों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए 53 लोगों को नोटिस/समंस तामील कराए। सक्रिय बदमाशों को थाने बुलाकर डोजियर भरवाए गए और रेड-यलो नोटिस देकर अपराध से दूर रहने की हिदायत दी गई।
हॉटस्पॉट और शैडो एरिया में ड्रोन से निगरानी, बाइक पेट्रोलिंग और पैदल गश्त की गई। होटल-लॉज, रैन बसेरों, ढाबों, रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड की भी जांच हुई। यातायात नियम तोड़ने वालों, ब्लैक फिल्म, हूटर और मॉडिफाइड साइलेंसर के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। पुलिस ने लोगों से संवाद कर साइबर अपराध, नशे और सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूक किया।