आरएपीटीसी मैदान में मंत्री तुलसीराम सिलावट ने किया ध्वजारोहण,परेड की सलामी; हाईकोर्ट, कलेक्टोरेट, प्रेस क्लब और निगम में भी गरिमापूर्ण समारोह
इंदौर। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस पर शनिवार को इंदौर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। शहर के सरकारी कार्यालयों, न्यायालय,प्रेस क्लब और नगर निगम सहित विभिन्न संस्थानों में पूरे उत्साह और गरिमा के साथ तिरंगा फहराया गया। जगह-जगह राष्ट्रगान की गूंज सुनाई दी और स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीदों को नमन किया गया।
आरएपीटीसी मैदान में मुख्य समारोह
जिला स्तरीय मुख्य समारोह महेश गार्ड लाइन स्थित आरएपीटीसी मैदान में आयोजित हुआ। जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संबोधन का सीधा प्रसारण किया गया। परेड में बीएसएफ, आरएपीटीसी, प्रथम एवं 15वीं वाहिनी,जिला पुलिस बल, महिला पुलिस, होमगार्ड,यातायात पुलिस,एनसीसी, स्काउट-गाइड, रेडक्रॉस,एसपीसी गर्ल्स,सृजन और शौर्या दल सहित 20 दलों ने भाग लिया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह में देशभक्ति का रंग भर दिया। उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानित भी किया गया।
मंत्री सिलावट ने प्रदेशवासियों और इंदौरवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार देवी अहिल्याबाई होलकर के बताए मार्ग पर आगे बढ़ रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने की दिशा में मध्यप्रदेश सरकार के प्रयासों का उल्लेख किया और स्वतंत्रता संग्राम के बलिदानियों को नमन किया।
कलेक्टोरेट में कलेक्टर ने फहराया तिरंगा
कलेक्टर कार्यालय में कलेक्टर शिवम वर्मा ने ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर अपर कलेक्टर नवजीवन विजय पवार, रोशन राय सहित अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। संभागायुक्त कार्यालय में संभागायुक्त भास्कर लक्षकार ने ध्वजारोहण किया। उन्होंने इंदौर विकास प्राधिकरण कार्यालय में भी तिरंगा फहराया।

हाईकोर्ट में राष्ट्रगान के साथ संकल्प
मप्र हाईकोर्ट की इंदौर खंडपीठ में प्रशासनिक न्यायाधिपति न्यायमूर्ति सुबोध अभ्यंकर ने सुबह 9 बजे ध्वजारोहण किया। कार्यक्रम की शुरुआत सामूहिक वंदे मातरम् से हुई। राष्ट्रगान के बाद स्वतंत्रता,शांति और राष्ट्रीय एकता के प्रतीक स्वरूप गुब्बारे छोड़े गए। न्यायमूर्तियों, अधिवक्ताओं और न्यायिक अधिकारियों-कर्मचारियों ने स्वतंत्रता सेनानियों को याद करते हुए संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्रीय एकता के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई।
प्रेस क्लब में पत्रकारों ने किया शहीदों को नमन
इंदौर प्रेस क्लब परिसर में अध्यक्ष दीपक कर्दम और महासचिव प्रदीप जोशी सहित पदाधिकारियों ने ध्वजारोहण किया। पूर्व अध्यक्ष अरविंद तिवारी, वरिष्ठ पत्रकार, कार्यकारिणी सदस्य और मीडियाकर्मी मौजूद रहे। अध्यक्ष कर्दम ने देश के शहीदों के बलिदान को नमन करते हुए उनके योगदान को याद किया।
निगम में वरिष्ठजन और कर्मचारी सम्मानित
नगर निगम परिसर में महापौर ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद शहर के वरिष्ठजनों तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले निगम अधिकारी-कर्मचारियों का सम्मान किया गया। इस तरह स्वतंत्रता दिवस पर इंदौर में प्रशासन से लेकर न्यायपालिका, मीडिया और नगर निगम तक हर परिसर तिरंगे की शान और देशभक्ति के उत्साह से सराबोर रहा।

वन विभाग में भी शान से लहराया तिरंगा
इंदौर वन परिक्षेत्र रेंज कार्यालय, नवलखा में स्वतंत्रता दिवस पर रेंजर संगीता ठाकुर ने ध्वजारोहण किया। इस दौरान वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने राष्ट्रध्वज को सलामी देकर देश के वीर शहीदों को नमन किया और राष्ट्रीय एकता व कर्तव्यनिष्ठा का संकल्प लिया।