3 करोड़ की लागत से तैयार अत्याधुनिक थिएटर; डिजिटल जंगल सफारी से एआई रेन फॉरेस्ट तक मिलेगा रोमांचक अनुभव
इंदौर। कमला नेहरू प्राणी संग्रहालय अब वन्यजीवों को देखने के साथ उन्हें तकनीक के जरिए महसूस करने का नया अनुभव देने जा रहा है। चिड़ियाघर में देश का पहला 14D वर्चुअल रियलिटी थिएटर तैयार किया गया है। करीब 3 करोड़ रुपए की लागत से बने इस अत्याधुनिक प्रोजेक्ट का लोकार्पण मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज रविवार को करेंगे। इसके शुरू होने के साथ ही इंदौर के पर्यटन और वन्यजीव शिक्षा के क्षेत्र में एक नया आकर्षण जुड़ जाएगा।
थिएटर में दर्शकों को डिजिटल जंगल सफारी, जंगल भूलभुलैया, वर्चुअल एडवेंचर टनल, यूवी जंगल सफारी,एआई रेन फॉरेस्ट जू और 14D सिनेमा थिएटर जैसे अनुभव मिलेंगे। खास बात यह है कि स्क्रीन पर दिखाई देने वाले वर्चुअल दृश्यों के साथ वास्तविक इफेक्ट्स भी जोड़े गए हैं। इससे दर्शकों को ऐसा अनुभव होगा,जैसे वे जंगल के बीच मौजूद हों।
दक्षिण अफ्रीका से मंगाई कर्व्ड वाटरप्रूफ स्क्रीन
इनक्रेडिबल प्लेटफॉर्म के सीईओ अमित अग्रवाल ने बताया कि थिएटर में आधुनिक तकनीक और विशेष उपकरण लगाए गए हैं। इसके लिए दक्षिण अफ्रीका से कर्व्ड और वाटरप्रूफ स्क्रीन मंगाई गई है। थिएटर की सीटों को भी इस तरह डिजाइन किया गया है कि दर्शकों को अलग-अलग दिशाओं से इफेक्ट महसूस हो सकें। टिकट की दरें एमआईसी की बैठक में तय की जाएंगी
अंजली अग्रवाल ने बताया कि प्रोजेक्ट का उद्देश्य मनोरंजन के साथ वन्यजीवों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। खासकर बच्चों को जंगल, वन्यजीव और प्रकृति की दुनिया को करीब से समझने का अवसर मिलेगा।
ट्रायल रन पूरा, बच्चों के लिए बनेगा ज्ञान और रोमांच का केंद्र
कमला नेहरू प्राणी संग्रहालय के निदेशक उत्तम यादव ने बताया कि प्रोजेक्ट से जुड़े सभी तकनीकी कार्य पूरे हो चुके हैं। महापौर और एमआईसी सदस्यों की मौजूदगी में इसका ट्रायल रन भी कराया जा चुका है। उन्होंने कहा कि प्रोजेक्ट का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को चिड़ियाघर और वन्यजीव संरक्षण से जोड़ना है।
बच्चों के लिए यह खास अनुभव होगा। वे किताबों में पढ़ी जंगल और वन्यजीवों की दुनिया को अब वर्चुअल माध्यम से जीवंत रूप में देख और महसूस कर सकेंगे। इससे मनोरंजन के साथ वन्यजीव शिक्षा को भी बढ़ावा मिलेगा।
इनका कहना
अमित अग्रवाल, सीईओ, इनक्रेडिबल प्लेटफॉर्म: आधुनिक तकनीक और रियल इफेक्ट्स के संयोजन से दर्शकों को अलग तरह का अनुभव मिलेगा।
अंजली अग्रवाल, इनक्रेडिबल प्लेटफॉर्म: प्रोजेक्ट बच्चों और परिवारों को मनोरंजन के साथ वन्यजीवों से जोड़ने के उद्देश्य से तैयार किया गया है।