रेवती रेंज में 51 हजार पौधों का एक साथ रोपण; 3 दिन तक 100 सदस्यीय टीम ने की गणना और सत्यापन, बीएल संतोष ने मां के नाम लगाया पौधा
इंदौर। पौधारोपण के क्षेत्र में इंदौर ने एक बार फिर नया कीर्तिमान अपने नाम किया है। ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत रविवार को रेवती रेंज में आयोजित कार्यक्रम में 13 लाख 10 हजार 12 पौधे जीवित मिलने का दावा किया गया। इसके साथ ही इंदौर का नाम एशिया वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड में दर्ज किया गया। खास बात यह है कि इंदौर ने दो साल पहले बनाए अपने ही पौधारोपण रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।
रेवती रेंज परिसर में रविवार को एक साथ 51 हजार पौधों का रोपण किया गया। कार्यक्रम में भाजपा संगठन महामंत्री बीएल संतोष ने अपनी मां के नाम पौधा लगाया। इस दौरान बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कार्यकर्ता और पर्यावरण प्रेमी मौजूद रहे।
बीएल संतोष ने कहा कि इंदौर नगर निगम और कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के नेतृत्व में दो साल पहले 12 लाख से अधिक पौधे लगाने का रिकॉर्ड बनाया गया था। इस बार 13,10,012 जीवित पौधों के साथ इंदौर ने अपने पुराने रिकॉर्ड को ही तोड़ दिया है।
100 सदस्यीय टीम ने 3 दिन की गणना
रिकॉर्ड की पुष्टि के लिए एशिया वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड की टीम ने अलग-अलग जोन के लिए टीमें बनाईं। करीब 100 सदस्यों ने तीन दिनों तक पौधों की गणना और सत्यापन किया। टीम द्वारा आंकड़ों की पुष्टि के बाद रविवार को इंदौर को रिकॉर्ड का प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया। कार्यक्रम में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय को भी प्रमाण-पत्र सौंपा गया।
एशिया वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड के पदाधिकारी डॉ. ए.के. जैन ने कहा कि इस तरह का रिकॉर्ड इससे पहले किसी के नाम दर्ज नहीं था। गौरतलब है कि इंदौर ने दो साल पहले 12 लाख से अधिक पौधे लगाकर गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया था। अधिकारियों के अनुसार उस अभियान में लगाए गए पौधों में बड़ी संख्या अभी भी जीवित है।