पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह और क्रिकेटर रजत पाटीदार ने दिलाई नशामुक्ति की शपथ, युवाओं से लेकर वरिष्ठ नागरिकों तक दिखा उत्साह
इंदौर। नशे के खिलाफ जनजागरण का इंदौर में रविवार को ऐतिहासिक दृश्य देखने को मिला। इंदौर पुलिस कमिश्नरेट के 'नशे से दूरी है ज़रूरी' अभियान के तहत नेहरू स्टेडियम से आयोजित जागरूकता दौड़ में 8100 से अधिक नागरिकों ने भाग लेकर नशामुक्त समाज का संदेश दिया। पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह और भारतीय क्रिकेट टीम के बल्लेबाज रजत पाटीदार ने हरी झंडी दिखाकर दौड़ को रवाना किया तथा सभी प्रतिभागियों को नशे से दूर रहने और समाज को जागरूक करने की शपथ दिलाई।
दौड़ का आयोजन पांच और दस किलोमीटर की दो श्रेणियों में किया गया। इसमें युवा, महिलाएं, बच्चे, वरिष्ठ नागरिक, स्कूल-कॉलेजों के विद्यार्थी, खिलाड़ी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, नगर सुरक्षा समिति के सदस्य तथा पुलिस अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में शामिल हुए। पूरे मार्ग में प्रतिभागियों ने "नशे से दूरी है ज़रूरी", "स्वस्थ जीवन, नशामुक्त जीवन" और "नारी का संकल्प, नशामुक्त हो हर परिवार" जैसे नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया।
पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह ने कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के भविष्य के लिए घातक है। इसे रोकने के लिए जनभागीदारी सबसे प्रभावी माध्यम है। वहीं क्रिकेटर रजत पाटीदार ने युवाओं से खेल, अनुशासन और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। दौड़ से पहले प्रतिभागियों ने सामूहिक व्यायाम किया और समापन पर सभी प्रतिभागियों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। आयोजन ने इंदौर के नशामुक्त समाज के संकल्प को नई मजबूती प्रदान की।