बड़वाह के 220 केवी सब-स्टेशन पर सुधार कार्य का भी असर, सुबह कई क्षेत्रों में देर से या कम दबाव से मिलेगा पानी
इंदौर। शहर के नवलखा चौराहे पर 1500 मिमी व्यास की नर्मदा मुख्य ग्रेविटी मेन लाइन में लीकेज और बड़वाह स्थित 220 केवी विद्युत सब-स्टेशन पर सुधार कार्य के चलते बुधवार को नर्मदा तृतीय चरण के सभी पंप करीब आठ घंटे तक बंद रहे। इसका असर गुरुवार सुबह इंदौर के दर्जनों इलाकों की जलापूर्ति पर पड़ेगा। नगर निगम ने नागरिकों से पानी का संयमित उपयोग करने और सहयोग करने की अपील की है।
नगर निगम के जल कार्य विभाग के अनुसार बुधवार दोपहर 12:58 बजे नवलखा चौराहे पर मुख्य पाइप लाइन में लीकेज आने के बाद मरम्मत कार्य शुरू किया गया। इसी दौरान बड़वाह स्थित 220 केवी सब-स्टेशन की विद्युत आपूर्ति लाइन पर भी आवश्यक तकनीकी सुधार कार्य किया गया। इन दोनों कारणों से नर्मदा तृतीय चरण के सभी पंप अस्थायी रूप से बंद रखने पड़े। रात करीब 9 बजे दोनों कार्य पूरे होने के बाद पंप दोबारा चालू कर दिए गए, लेकिन जलाशयों में पर्याप्त प्रेशर बनने और टंकियां भरने में समय लगने के कारण गुरुवार की सुबह जल वितरण प्रभावित रहेगा।
इन क्षेत्रों में रहेगा असर
बिजलपुर, माँ विहार, स्कीम-59, बिलावली, भँवरकुआ, खातीवाला, स्नेह नगर, गाड़ी अड्डा, तुकोगंज, भागीरथपुरा, अंबेडकर नगर, नंदा नगर, जनता क्वार्टर, सुखलिया, वीणा नगर, महालक्ष्मी नगर, स्कीम-54, 74, 94, 114, मूसाखेड़ी, खजराना, प्रगति नगर, रेती मंडी, हवा बंगला, विदुर नगर, ग्रेटर वैशाली, चंदन नगर, सिलिकॉन सिटी, स्कीम-140, कृषि नगर, श्रीनगर एक्सटेंशन, भूरी टेकरी, लसूडिया, लोहा मंडी, स्कीम-113, 136, बिचौली मरदाना, तेजाजी नगर, न्यू रानी बाग सहित कई क्षेत्रों में पानी की सप्लाई देर से या कम दबाव से होगी।
निगम की अपील
नगर निगम ने प्रभावित क्षेत्रों के नागरिकों से अपील की है कि वे पानी का आवश्यकता अनुसार उपयोग करें। जलाशयों के पूरी तरह भरने के बाद जलापूर्ति व्यवस्था सामान्य कर दी जाएगी।