अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर प्रतिमा पर पुष्पांजलि, बोले- मालवा और मध्यप्रदेश से था अटल जी का गहरा जुड़ाव
इंदौर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार को इंदौर पहुंचे। यहां उन्होंने भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर उनकी प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित कर नमन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल जी का मालवा और मध्यप्रदेश से विशेष जुड़ाव था। उन्होंने करीब पांच दशक तक सार्वजनिक जीवन में रहकर देश का नेतृत्व किया और तीन बार प्रधानमंत्री बने।
सीएम ने कहा कि अटल जी संवाद, समाधान और सौहार्द के जरिए समस्याओं का रास्ता निकालने में विश्वास रखते थे। वहीं देश की सुरक्षा के मामले में उनका नेतृत्व दृढ़ रहा। कारगिल युद्ध और टाइगर हिल की कार्रवाई को उन्होंने अटल जी के मजबूत नेतृत्व की मिसाल बताया।
मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता संग्राम की वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी की जयंती पर भी उन्हें नमन किया। उन्होंने बताया कि इंदौर में अटल जी की प्रतिमा के पूजन के साथ नगर निगम के विभिन्न निर्माण कार्यों से जुड़े कार्यक्रमों में भी शामिल हुए।
वंदे मातरम् पर कांग्रेस को घेरा
स्वतंत्रता दिवस पर वंदे मातरम् के सम्मान का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने इंदौर में कांग्रेस नेताओं के रवैये पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं ने वंदे मातरम् का पूरा सम्मान नहीं किया और इसके लिए कांग्रेस को देशवासियों से माफी मांगनी चाहिए।