10 किमी सड़क तैयार, अब एक नदी पर बनेंगे 4 ब्रिज; बारिश में कटने वाला 8 गांवों का संपर्क भी होगा बहाल
इंदौर। घने जंगल, पहाड़ियों के बीच बसे आदिवासी गांव, प्राकृतिक वादियां और मुंह में घुल जाने वाला पारंपरिक कलाकंद… इंदौर से करीब 20 किलोमीटर दूर स्थित कालाकुंड अब पर्यटन के नए ठिकाने के रूप में विकसित होने की राह पर है। यहां पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए सड़क तैयार हो चुकी है। अब चोरल नदी पर चार ब्रिज बनाने की तैयारी है। इनके बनने से न केवल वीकेंड पिकनिक और जंगल कैंपिंग का रास्ता आसान होगा, बल्कि बारिश में शहर से कट जाने वाले आसपास के आठ गांवों को भी राहत मिलेगी।
आदर्श पर्यटन ग्राम के रूप में विकसित हो रहे कालाकुंड में घने जंगल और वन औषधियों को नुकसान पहुंचाए बिना मध्यप्रदेश ग्रामीण सड़क विकास प्राधिकरण (एमपीआरआरडीए) ने करीब 10 किलोमीटर लंबी बारहमासी सड़क का निर्माण वर्ष 2024 में पूरा कर लिया था। लेकिन पहाड़ी नदी पर पुल नहीं होने से बारिश के दौरान आवागमन बाधित हो जाता है। इसी समस्या के कारण पर्यटक भी निजी वाहनों से यहां पहुंचने से बचते हैं।
एमपीआरआरडीए के महाप्रबंधक लोकेंद्र मंडलोई के अनुसार, चार ब्रिजों के निर्माण के लिए निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। इसी वर्ष निर्माण कार्य शुरू करने की तैयारी है।
कलेक्टर की रात्रि चौपाल में उठी थी पुल की मांग
30 मई को कलेक्टर शिवम वर्मा ने कालाकुंड में रात्रि चौपाल लगाई थी। इस दौरान ग्रामीणों ने नदी पर ब्रिज बनाने की मांग प्रमुखता से रखी थी। पुल बनने से पहाड़ी नदी के कारण बार-बार बाधित होने वाला रास्ता सुगम होगा। इससे ग्रामीणों को स्कूल, आंगनवाड़ी, स्वास्थ्य केंद्र और राशन दुकानों तक पहुंचने में आसानी होगी।
हेरिटेज ट्रेन के साथ सड़क मार्ग से भी पहुंच सकेंगे पर्यटक
विंध्याचल पर्वत श्रेणी की पहाड़ियों के बीच बसे सात से अधिक आदिवासी गांवों में 20 से ज्यादा होम स्टे संचालित हैं। यहां पर्यटक ग्रामीण परिवेश और प्राकृतिक वातावरण का अनुभव लेने पहुंचते हैं। फिलहाल पातालपानी से हेरिटेज ट्रेन के जरिए कालाकुंड क्षेत्र तक पहुंचने का विकल्प है, लेकिन बारिश में नदी के कारण निजी दोपहिया और चारपहिया वाहनों से आवागमन मुश्किल हो जाता है। चार ब्रिज बनने से सड़क मार्ग से पहुंचना आसान होगा। क्षेत्र में बने संभागीय स्काउट-गाइड कैंपिंग केंद्र का उपयोग भी बढ़ने की संभावना है।
शुद्ध दूध से बनता है पारंपरिक दानेदार कलाकंद
कालाकुंड की पहचान यहां बनने वाली पारंपरिक मिठाई कलाकंद से भी है। गांव के कई पशुपालक गाय और भैंस के दूध से कम शक्कर वाला दानेदार कलाकंद तैयार करते हैं। इसकी खासियत इसका स्वाद और मुंह में घुल जाने वाली बनावट है। प्राकृतिक सौंदर्य, जंगल कैंपिंग, ग्रामीण जीवन और स्थानीय मिठाई का संगम कालाकुंड को पर्यटन के लिहाज से खास बनाता है। सड़क के बाद अब चार पुलों का निर्माण पूरा होने पर यहां पहुंचना आसान होगा और स्थानीय ग्रामीणों के साथ पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिल सकेगा।