← वापस
धार

इंदौर से निकली 55 लाख की बीयर मनावर में पकड़ी, 1230 पेटियां जब्त!  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
इंदौर से निकली 55 लाख की बीयर मनावर में पकड़ी, 1230 पेटियां जब्त!

 

आयशर में तिरपाल के नीचे छिपाकर ले जा रहे थे 14,760 बल्क लीटर बीयर; चालक समेत वाहन मालिक पर केस

धार/मनावर। इंदौर से बड़ी मात्रा में अवैध शराब परिवहन कर ले जा रहे आयशर वाहन को मनावर पुलिस ने बाकानेर के धनखेड़ी फाटे पर पकड़ लिया। वाहन की तलाशी में तिरपाल के नीचे 1230 पेटी/कार्टून बीयर मिली। शराब की अनुमानित कीमत 40 लाख 44 हजार 240 रुपए बताई गई है। पुलिस ने करीब 15 लाख रुपए कीमत का आयशर वाहन भी जब्त किया है। शराब और वाहन की कुल कीमत करीब 55 लाख रुपए है।

पुलिस के अनुसार धनखेड़ी फाटे पर कांग्रेस नेता रविंद्र पाटीदार सहित अन्य लोगों को आयशर वाहन संदिग्ध नजर आया था। सूचना पर बाकानेर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। वाहन के पिछले हिस्से पर लगी तिरपाल हटाकर जांच की गई तो बड़ी संख्या में बीयर की पेटियां रखी मिलीं। चालक से शराब के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई कागज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस वाहन को बाकानेर चौकी लेकर पहुंची और उसे खाली करवाकर शराब की गिनती कराई।

     14,760 बल्क लीटर बीयर मिली

पुलिस ने आयशर क्रमांक GJ06 BT4066 से 1230 पेटी/कार्टून बीयर जब्त की। शराब की कुल मात्रा 14,760 बल्क लीटर बताई गई है। कार्रवाई के दौरान चालक योगेश पिता श्रवण योगी (22), निवासी बिल्लोद, थाना बेटमा को गिरफ्तार किया गया। वाहन मालिक राजेंद्रसिंह पिता गणेशसिंह बैस,निवासी इंदौर को भी मामले में आरोपी बनाया गया है।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में बीयर कहां से लाई गई और इसे कहां पहुंचाया जाना था। जांच में शराब के परिवहन और बिक्री से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका सामने आने पर उन्हें भी प्रकरण में आरोपी बनाया जा सकता है।

     चालक और वाहन मालिक पर केस

पुलिस ने चालक योगेश योगी और वाहन मालिक के खिलाफ धारा 34(1) एवं 36 आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया है। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा के नेतृत्व और एसडीओपी दीपांशु के मार्गदर्शन में मनावर थाना प्रभारी राजेश यादव तथा बाकानेर चौकी प्रभारी मनोज पाटीदार की टीम ने की। पुलिस का कहना है कि अवैध शराब के परिवहन और बिक्री के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।

खबरें और भी हैं...