← वापस
इंदौर

इंदौर सेंट्रल जेल में 30 कैदी बीमार, 3 में डेंगू की पुष्टि!  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
इंदौर सेंट्रल जेल में 30 कैदी बीमार, 3 में डेंगू की पुष्टि!

 

टाइफाइड के भी मिले मरीज; सभी को एमवाय अस्पताल में कराया भर्ती, 2200 से ज्यादा कैदियों की निगरानी

इंदौर। सेंट्रल जेल में गुरुवार को एक साथ 30 कैदियों के बीमार पड़ने से जेल प्रबंधन और स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम जेल पहुंची और सभी बीमार कैदियों की जांच की। जांच में कुछ कैदियों में टाइफाइड की पुष्टि हुई, जबकि तीन कैदी डेंगू संक्रमित मिले। एहतियात के तौर पर सभी 30 कैदियों को उपचार के लिए एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी माधव दास हासानी ने बताया कि जेल प्रबंधन से सूचना मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर कैदियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। डेंगू की पुष्टि होने के बाद जेल परिसर में संक्रमण रोकने के लिए निगरानी और जांच बढ़ा दी गई है।

हर बैरक की जांच, जहां लार्वा मिला वहां नष्ट किया

स्वास्थ्य विभाग की टीम जेल की हर बैरक और परिसर में लार्वा की जांच कर रही है। जिन स्थानों पर डेंगू का लार्वा मिल रहा है, वहां तत्काल उसे नष्ट किया जा रहा है। जेल में किसी अन्य कैदी में बुखार या बीमारी के लक्षण मिलने पर तत्काल स्वास्थ्य परीक्षण कराया जा रहा है।

100 से ज्यादा कर्मचारियों को दिया प्रशिक्षण

डेंगू के लार्वा की पहचान और उसे नष्ट करने के लिए जेल के 100 से ज्यादा अधिकारियों-कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार ऐसे स्थानों की जांच कर रही है, जहां पानी जमा होने से मच्छरों के पनपने की आशंका है।

2200 से ज्यादा कैदी, इसलिए बढ़ाई निगरानी

सेंट्रल जेल में 2200 से ज्यादा कैदी बंद हैं। तीन कैदियों में डेंगू की पुष्टि के बाद स्वास्थ्य विभाग ने सभी कैदियों की निगरानी बढ़ा दी है। जेल प्रबंधन को निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी कैदी में बुखार या अन्य स्वास्थ्य संबंधी लक्षण दिखाई देने पर तत्काल जांच कराई जाए और जरूरत पड़ने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया जाए।

खबरें और भी हैं...