15 से 20 सितंबर तक सुपखार में पुनर्जीवन कैंप; मालिश से लेकर स्वास्थ्य जांच तक, विशेष आहार भी मिलेगा
मंडला। कान्हा टाइगर रिजर्व में सालभर जंगल और वन्यजीवों की सुरक्षा में जुटे विभागीय हाथियों को अब सात दिन आराम और सुकून मिलेगा। सुपखार परिक्षेत्र में 15 से 20 सितंबर तक पुनर्जीवन (रिजुविनेशन) कैंप आयोजित किया जा रहा है। इस दौरान हाथियों को नियमित ड्यूटी से अलग रखकर उनके शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
कान्हा टाइगर रिजर्व में वर्तमान में 16 विभागीय हाथी हैं। इनमें 9 नर, 6 मादा और एक नवजात हाथी शामिल है। ये हाथी वन्यजीव संरक्षण, गश्त, अनुश्रवण, ट्रांसलोकेशन और मानसून के दौरान विशेष गश्त जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में वन विभाग का सहयोग करते हैं।
सुबह स्नान, फिर मालिश और स्वास्थ्य जांच
कैंप के दौरान हाथियों की दिनचर्या पूरी तरह अलग रहेगी। सुबह उन्हें जंगल से कैंप में लाया जाएगा। यहां नहलाने के बाद उनके शरीर और पैरों की मालिश की जाएगी। इसके बाद स्वास्थ्य परीक्षण और देखभाल की गतिविधियां होंगी। दोपहर में महावत और चाराकटरों के साथ परिचय एवं खेल गतिविधियां कराई जाएंगी। शाम को भोजन कराने के बाद हाथियों को वापस जंगल में छोड़ा जाएगा।
खास आहार, रक्त-मूत्र के नमूनों की जांच
कैंप में हाथियों को बेहतर और विशेष आहार दिया जाएगा। वन्यजीव चिकित्सक नियमित रूप से उनकी सेहत की जांच करेंगे। रक्त, फीकल और मूत्र के नमूने लेकर प्रयोगशाला में परीक्षण कराया जाएगा। प्रत्येक हाथी का शारीरिक माप भी निर्धारित प्रपत्र में दर्ज किया जाएगा, ताकि उसके स्वास्थ्य की नियमित निगरानी की जा सके।
मानसिक सेहत और सामाजिक व्यवहार पर भी जोर
कैंप का उद्देश्य केवल हाथियों को शारीरिक आराम देना नहीं, बल्कि उन्हें मानसिक रूप से भी तरोताजा करना है। सभी हाथियों को एक साथ रहने, खाने और विभिन्न गतिविधियों में शामिल होने का अवसर मिलेगा। इससे उनके आपसी सामाजिक व्यवहार के लिए भी अनुकूल वातावरण तैयार होगा।
महावत-चाराकटरों को भी मिलेगा प्रशिक्षण
हाथियों की देखभाल करने वाले महावत और चाराकटर भी कैंप के दौरान प्रशिक्षण लेंगे। वरिष्ठ महावत उन्हें हाथियों के रखरखाव, व्यवहार को समझने और देखभाल से जुड़े जरूरी निर्देशों की जानकारी देंगे।
कान्हा टाइगर रिजर्व प्रबंधन हाथियों के संरक्षण और कल्याण को प्राथमिकता देते हुए लगातार 16 वर्षों से पुनर्जीवन कैंप आयोजित कर रहा है। जंगल की कठिन ड्यूटी के बीच सात दिनों का यह कैंप हाथियों के लिए आराम, बेहतर स्वास्थ्य देखभाल और अपने साथियों के साथ समय बिताने का खास अवसर होगा।
प्रकाश कुमार वर्मा,डिप्टी डायरेक्टर, कान्हा टाइगर रिजर्व, मंडला