चित्रकला व विभिन्न प्रतियोगिताओं में दिखाया उत्साह, धार समेत टांडा, बाग, कुक्षी और धामनोद में हुए आयोजन
धार। वन्यजीव संरक्षण सप्ताह 2026 के तहत धार वनमंडल में विद्यार्थियों को वन, वन्यजीव और जैव विविधता के संरक्षण से जोड़ने के लिए विभिन्न जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। वन विभाग के इन आयोजनों में स्कूली बच्चों ने उत्साह के साथ भाग लिया और अपनी कला व विचारों के जरिए प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया।
वन परिक्षेत्र धार में विद्यार्थियों को नगर वन (जमन जप्ती पहाड़ी) का भ्रमण कराया गया। बच्चों ने जंगल और प्राकृतिक वातावरण को करीब से जाना। इसके साथ ही चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों ने वन्यजीव एवं पर्यावरण संरक्षण को विषय बनाकर अपनी कल्पनाओं को कागज पर उतारा।

इसी क्रम में वन परिक्षेत्र टांडा, बाग, कुक्षी और धामनोद में भी विद्यार्थियों के लिए पर्यावरण और वन्यजीव सुरक्षा से जुड़ी विभिन्न प्रतियोगिताएं कराई गईं। बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए वन्यजीवों के संरक्षण और पर्यावरण बचाने का संदेश दिया।

वन विभाग के अधिकारियों ने विद्यार्थियों को वनों के महत्व, जैव विविधता और वन्यजीवों की भूमिका के बारे में जानकारी दी। साथ ही बच्चों को वन्यजीवों की सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण के लिए संकल्प दिलाया गया। अधिकारियों ने कहा कि बच्चों में प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता विकसित करना वन्यजीव संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।