← वापस
मध्यप्रदेश

जंगल से भटककर ग्रामीण के घर में घुसा तेंदुआ, वन विभाग ने तीन घंटे के ऑपरेशन में सुरक्षित किया रेस्क्यू

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
जंगल से भटककर ग्रामीण के घर में घुसा तेंदुआ, वन विभाग ने तीन घंटे के ऑपरेशन में सुरक्षित किया रेस्क्यू

कान्हा टाइगर रिजर्व के बफर क्षेत्र के खटोला गांव की घटना, घायल तेंदुए का प्राथमिक उपचार कर मुक्की वन्यजीव चिकित्सालय भेजा गया

मंडला। कान्हा टाइगर रिजर्व के बफर जोन अंतर्गत सिझोरा परिक्षेत्र के खटोला गांव में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब जंगल से भटककर एक तेंदुआ ग्रामीण के घर में जा घुसा। घर में तेंदुआ होने की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में लेकर रेस्क्यू अभियान शुरू किया।

परिक्षेत्र अधिकारी अभिषेक दुबे के नेतृत्व में वन विभाग का दल मौके पर पहुंचा। सूचना मिलते ही सहायक संचालक आशीष कुमार पांडे और वन्यजीव स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संदीप अग्रवाल भी घटनास्थल पहुंचे। अधिकारियों ने तेंदुए को बिना किसी नुकसान के सुरक्षित पकड़ने की रणनीति बनाई। क्षेत्र संचालक रविन्द्र मणि त्रिपाठी और उपसंचालक (बफर) अमिता के.बी. की मौजूदगी में विशेषज्ञ टीम ने तेंदुए को निश्चेत कर सफलतापूर्वक रेस्क्यू कर लिया।

रेस्क्यू के दौरान तेंदुए के शरीर पर चोट के निशान मिले। वन्यजीव स्वास्थ्य अधिकारी ने मौके पर ही उसका प्राथमिक उपचार किया। इसके बाद उसे विशेष रेस्क्यू वाहन से मुक्की स्थित वन्यजीव चिकित्सालय भेजा गया, जहां उसका विस्तृत स्वास्थ्य परीक्षण और उपचार किया जाएगा।

सहायक संचालक आशीष कुमार पांडे ने बताया कि तेंदुए की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। उपचार के बाद स्वास्थ्य सामान्य होने पर विशेषज्ञों की सलाह के अनुसार उसे सुरक्षित वन क्षेत्र में छोड़ा जाएगा।

कान्हा टाइगर रिजर्व प्रबंधन ने ग्रामीणों से अपील की है कि यदि कोई वन्यजीव आबादी वाले क्षेत्र में दिखाई दे तो उसे घेरने या भगाने का प्रयास न करें। ऐसी स्थिति में तुरंत वन विभाग को सूचना दें, ताकि समय रहते सुरक्षित रेस्क्यू कर वन्यजीव और लोगों दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

खबरें और भी हैं...