← वापस
इंदौर

जहर खाने से 18 वर्षीय युवती की मौत, हाथ पर मेहंदी से लिखा था युवक का नाम; प्रेम प्रसंग के एंगल से जांच  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
जहर खाने से 18 वर्षीय युवती की मौत, हाथ पर मेहंदी से लिखा था युवक का नाम; प्रेम प्रसंग के एंगल से जांच

 

इंदौर। चंदन नगर थाना क्षेत्र में 18 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका रानी नंदवदा पथ क्षेत्र की रहने वाली थी। परिजनों के मुताबिक शनिवार रात परिवार के साथ खाना खाने के बाद रानी मोबाइल पर किसी से बातचीत कर अपने कमरे में सोने चली गई। देर रात अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। हालत गंभीर होने पर परिजन उसे उपचार के लिए एमवाय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

रानी दसवीं कक्षा तक पढ़ी थी और क्षेत्र की एक स्थानीय फैक्ट्री में काम करती थी। घटना की सूचना मिलने के बाद चंदन नगर थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया।

जांच में सामने आया अहम सुराग

पुलिस की जांच के दौरान युवती के हाथ पर मेहंदी से एक युवक का नाम लिखा मिला। बताया जा रहा है कि रानी ने घटना से कुछ दिन पहले यह नाम अपने हाथ पर लिखा था। इसके बाद पुलिस ने मामले में संभावित प्रेम प्रसंग के एंगल को भी जांच में शामिल किया है। पुलिस अब युवती के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल और बातचीत की जानकारी खंगाल रही है। साथ ही हाथ पर लिखे नाम वाले युवक के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

फिलहाल युवती ने जहरीला पदार्थ किन परिस्थितियों में खाया और इसके पीछे वास्तविक वजह क्या थी, इसका खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस परिजनों के बयान, मोबाइल जांच और अन्य परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की पड़ताल कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मौत के कारणों की तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।

खबरें और भी हैं...