भोपाल। सागर के बंडा क्षेत्र में जहरीली शराब से मौतों के मामले में सरकारी आंकड़ों के अनुसार 16 मौतों की पुष्टि की गई। वहीं, देवास के चंदाना गांव में सितंबर के अंत से अक्टूबर के मध्य तक हुई मौतों को लेकर ग्रामीणों ने जहरीली शराब पीने का आरोप लगाया था। स्थानीय लोगों के मुताबिक, कुछ लोगों की आंखों की रोशनी भी चली गई। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने एक्स पोस्ट के जरिए मुख्यमंत्री से सवाल किया है।
अपनी एक्स पोस्ट में उमंग सिंघार ने लिखा :
सागर एवं देवास शराब कांड के बाद मुख्यमंत्री जी, आपने SP और कलेक्टर को तो हटा दिया, लेकिन आपके मित्र आबकारी आयुक्त दीपक सक्सेना पर कार्रवाई क्यों नहीं की?
आखिर कैसी मित्रता निभा रहे हैं आप, कि इतनी मौतों के बाद भी जिम्मेदार अधिकारी पर कार्रवाई नहीं हो रही है?
@DrMohanYadav51 जी, जनता को जवाब चाहिए, आखिर आबकारी आयुक्त को कब तक बचाते रहेंगे?
आबकारी आयुक्त की जवाबदेही कितनी
सरकार ने सागर और देवास के एसपी, कलेक्टर के अलावा आबकारी विभाग के कुछ स्थानीय अधिकारियों को निलंबित भी किया। लेकिन, आबकारी आयुक्त की जवाबदेही को लेकर सवाल कायम हैं। ऐसे में सवाल यह है कि जब विभागीय कार्रवाई की जरूरत महसूस हुई, तो जांच का दायरा शीर्ष स्तर तक जाएगा या नहीं?
तबादले प्रशासनिक सख्ती नहीं
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के सामने अब चुनौती केवल अधिकारियों के तबादले करके प्रशासनिक सख्ती दिखाने की नहीं, बल्कि यह साबित करने की है कि सरकार के लिए हर नागरिक की जान की कीमत समान है। जहरीली शराब से मौतों के बाद किसी अधिकारी को हटाना अपने आप में दोष साबित नहीं करता, लेकिन निष्पक्ष जांच और जिम्मेदारी तय करना सरकार का दायित्व जरूर है।
जनता को तबादलों में रुचि नहीं
उमंग सिंघार का सवाल इसी बिंदु पर सरकार को असहज करता है। यदि आबकारी आयुक्त की भूमिका में कोई चूक नहीं हुई, तो सरकार को जांच के आधार पर यह स्पष्ट करना चाहिए। और यदि लापरवाही सामने आती है, तो पद या व्यक्तिगत निकटता कार्रवाई के रास्ते में नहीं आनी चाहिए। आखिरकार, जनता को तबादलों की सूची नहीं, यह भरोसा चाहिए कि जहरीली शराब से किसी और परिवार का चिराग न बुझे और किसी की आंखों की रोशनी न छिने।