← वापस
धार

जल जीवन मिशन के 48 पाइप चोरी, आयशर-हाइड्रा से लोडिंग करते पकड़े गए दो चालक

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
जल जीवन मिशन के 48 पाइप चोरी, आयशर-हाइड्रा से लोडिंग करते पकड़े गए दो चालक

खलघाट-मनावर रोड पर वारदात का खुलासा; पुलिस ने वाहन और क्रेन जब्त की, एक आरोपी अब भी फरार

धार। जल जीवन मिशन के तहत गांवों तक पानी पहुंचाने के लिए बिछाए जाने वाले पाइपों की चोरी का धरमपुरी पुलिस ने खुलासा किया है। खलघाट-मनावर रोड के किनारे रखे 48 डीआई के-9 पाइप चोरी करने के मामले में पुलिस ने आयशर और हाइड्रा क्रेन के दो चालकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी में इस्तेमाल आयशर वाहन और हाइड्रा क्रेन जब्त की गई है। मामले में एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।

   मौके पर मिले सिर्फ 7 पाइप, 48 गायब

पुलिस के अनुसार, 17 सितंबर को डब्ल्यूआईपीएल कंपनी के स्टाफ सुपरवाइजर कड़वासिंह राजपूत निवासी पागाखेड़ी ने धरमपुरी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि खलघाट-मनावर रोड स्थित पिपलदागढ़ी रोड किनारे जल जीवन मिशन के लिए रश्मि मेटालिक कंपनी के 250 एमएम के डीआई के-9 पाइप रखे गए थे। सुबह जांच करने पहुंचे तो मौके पर एक सफेद आयशर वाहन में 7 पाइप लदे मिले। गिनती और रिकॉर्ड का मिलान करने पर 48 पाइप गायब मिले।

     चालकों की भूमिका सामने आई

जांच के दौरान पुलिस को आयशर चालक सादाब खान निवासी पुनर्वास धरमपुरी और हाइड्रा क्रेन चालक सुखलाल निवासी तिररानिया, खरगोन की भूमिका सामने आई। इसके बाद पुलिस टीम ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

     वाहन और क्रेन जब्त

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से आयशर वाहन क्रमांक आरजे-25-जीए-6958 और हाइड्रा क्रेन क्रमांक एमपी-11-जेडई-0972 जब्त की है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस अब चोरी के पाइपों और वारदात में शामिल अन्य आरोपी की तलाश कर रही है।

कार्रवाई एसपी सचिन शर्मा के निर्देशन और थाना प्रभारी निरीक्षक सरदारसिंह सोलंकी के नेतृत्व में हुई। टीम में उपनिरीक्षक रवि वास्के, एएसआई रेमसिंह बामनिया, प्रधान आरक्षक वेस्ता सोलिया, आरक्षक लक्ष्मण जमरा और सोनू शामिल रहे।

खबरें और भी हैं...