पहले बेचे जा चुके भूखंड दोबारा बेचने की शिकायत; 3 लाख लौटाए, 9 लाख दबाए रखने का आरोप, अब जेल से ही पूछताछ की तैयारी
इंदौर। भू-माफिया के खिलाफ चल रही कार्रवाई के बीच चंदन नगर पुलिस ने जेल में बंद जफर खान के खिलाफ धोखाधड़ी का एक और मामला दर्ज किया है। आरोप है कि उसने पहले से बेचे जा चुके भूखंडों को दोबारा बेचकर फरियादी से रकम ले ली। आपत्ति के बाद 3 लाख रुपए लौटाए, लेकिन शेष 9 लाख रुपए देने में लगातार टालमटोल करता रहा।
पुलिस के अनुसार ओल्ड राजमोहल्ला निवासी मोहम्मद सज्जाद अंसारी ने 11 अगस्त को शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया कि ग्राम सिरपुर के खसरा नंबर 89/1/2/1 और 89/1/2/2 पैकी स्थित लक्ष्मी नगर एन-एक्स कॉलोनी के भूखंड नंबर 264, 265 और 266 का सौदा जफर खान से किया गया था।
फरियादी का आरोप है कि इन भूखंडों को आरोपी पहले ही किसी अन्य व्यक्ति को बेच चुका था। इसके बावजूद उसने वही भूखंड दोबारा बेच दिए। मामला सामने आने पर फरियादी ने रकम वापस मांगी। आरोपी ने 3 लाख रुपए तो लौटा दिए, लेकिन 9 लाख रुपए वापस नहीं किए।
एक दर्जन से ज्यादा मामले पहले से
पुलिस के मुताबिक जफर खान के खिलाफ अवैध कॉलोनी काटने और जमीन संबंधी धोखाधड़ी सहित एक दर्जन से अधिक मामले पहले से दर्ज हैं। वह फिलहाल धोखाधड़ी के एक अन्य मामले में न्यायिक अभिरक्षा में जेल में है।
अब जेल से बाहर आएगा जमीन का सच
आरोपी के जेल में होने के कारण चंदन नगर पुलिस न्यायालय से अनुमति लेकर उसका पुलिस अभिरक्षा में रिमांड लेने की तैयारी कर रही है। पूछताछ में विवादित भूखंडों के दस्तावेज, खरीद-बिक्री के सौदे और रकम के लेनदेन की जानकारी जुटाई जाएगी। पुलिस यह भी पता लगाएगी कि कथित तौर पर एक ही जमीन को कितने लोगों को बेचने की कोशिश की गई और इस मामले में अन्य लोगों की भूमिका क्या है।