← वापस
इंदौर

जेल में गूंजा हर-हर महादेव: सवा लाख पार्थिव शिवलिंग बनाए, 1051 बंदियों ने की आस्था से सहभागिता  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
जेल में गूंजा हर-हर महादेव: सवा लाख पार्थिव शिवलिंग बनाए, 1051 बंदियों ने की आस्था से सहभागिता

 

श्रावण में केन्द्रीय जेल इंदौर में महायज्ञ; महानिदेशक वरुण कपूर ने पहला शिवलिंग बनाकर किया शुभारंभ, वार्डों में भी मंत्रोच्चार के बीच चला निर्माण

    इंदौर। श्रावण मास के पावन अवसर पर केन्द्रीय जेल इंदौर में सोमवार को आध्यात्मिक माहौल देखने को मिला। जेल में स्थापित शिवलिंग के पंचम वर्ष के उपलक्ष्य में सवा लाख पार्थिव शिवलिंग निर्माण महायज्ञ का आयोजन किया गया। जेल एवं सुधारात्मक सेवाएं, मध्यप्रदेश के महानिदेशक वरुण कपूर ने प्रथम पार्थिव शिवलिंग बनाकर महायज्ञ का विधिवत शुभारंभ किया।

      कार्यक्रम की शुरुआत जेल के मुख्य द्वार पर जेल अधीक्षक दिनेश नरगावे सहित अधिकारियों द्वारा महानिदेशक वरुण कपूर का स्वागत कर की गई। इसके बाद मुख्य सभागृह में शिव स्त्रोत, मंत्रोच्चार और धार्मिक विधि-विधान के साथ पार्थिव शिवलिंग निर्माण शुरू हुआ। महायज्ञ के मुख्य शिवलिंग निर्माण का संकल्प मुख्य यजमान वरुण कपूर एवं उनकी पत्नी सोम्या कपूर ने लिया।

      वार्डों में भी बना शिवलिंग, गूंजे शिव भजन

      मुख्य सभागृह के साथ जेल के विभिन्न वार्डों में भी बंदियों और महिला बंदिनियों ने श्रद्धापूर्वक पार्थिव शिवलिंग बनाए। जेल की भजन मंडली ने शिव स्तुति और भजनों की प्रस्तुति दी। वहीं मंत्रोच्चार के बीच जेल परिसर में स्थापित शिवलिंग का रुद्राभिषेक भी किया गया।

     आयोजन में करीब 1000 बंदियों और 51 महिला बंदिनियों ने सहभागिता की। धार्मिक वातावरण में आयोजित कार्यक्रम के बाद सभी सहभागी बंदियों और बंदिनियों को फरियाली अल्पाहार भी दिया गया।

आस्था के साथ सकारात्मक सोच का संदेश

जेल प्रशासन के अनुसार, महायज्ञ का उद्देश्य बंदियों में आध्यात्मिक एवं सकारात्मक भावनाओं का विकास करना, मानसिक शांति देना और आत्मचिंतन की भावना को बढ़ावा देना है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से बंदियों को सकारात्मक जीवनशैली अपनाने, अच्छे विचारों को आत्मसात करने और समाज की मुख्यधारा से दोबारा जुड़ने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

   कार्यक्रम में जेल उप अधीक्षक इंदर सिंह नागर, जेल उप अधीक्षक संतोष कुमार लडिया, वरिष्ठ परिवीक्षा एवं कल्याण अधिकारी अभिषेक दांगी सहित जेल के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

खबरें और भी हैं...