वाटर प्लांट खोलने के लिए खरीदी थी कृषि भूमि, लोकायुक्त इंदौर ने शिकायत का सत्यापन कर बिछाया जाल
खरगोन/करही। कृषि भूमि के बंटांकन और नामांतरण के बदले रिश्वत मांगने के मामले में लोकायुक्त इंदौर की टीम ने पटवारी सुनील पटेल को ₹4 हजार की रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़ लिया। कार्रवाई बुधवार, 28 अक्टूबर को खरगोन जिले की करही तहसील में की गई। आरोपी पटवारी हल्का नंबर 54, टप्पा करही में पदस्थ है।
लोकायुक्त पुलिस के अनुसार, ग्राम मोहनया निवासी कपिल राठौर ने वाटर प्लांट स्थापित करने के लिए अपने परिवार की कृषि भूमि खरीदी थी। भूमि के बंटांकन और नामांतरण की प्रक्रिया पूरी कराने के एवज में पटवारी द्वारा ₹4 हजार की रिश्वत मांगे जाने की शिकायत आवेदक ने लोकायुक्त कार्यालय इंदौर में की थी।
शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त इंदौर के पुलिस अधीक्षक राजेश सहाय के निर्देश पर उसका सत्यापन कराया गया। शिकायत सही पाए जाने पर आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण संशोधन अधिनियम, 2018 की धारा 7 के तहत प्रकरण दर्ज कर ट्रैप दल गठित किया गया।
योजनाबद्ध कार्रवाई के दौरान टीम ने करही स्थित नेहरू मार्केट में विपुल टायर के पास सड़क किनारे आवेदक से ₹4 हजार लेते पटवारी सुनील पटेल को पकड़ लिया। कार्रवाई पुलिस उपमहानिरीक्षक मनोज सिंह के मार्गदर्शन में की गई। लोकायुक्त टीम में निरीक्षक प्रतिभा तोमर सहित आरक्षक आदित्य सिंह भदौरिया, चंद्रमोहन बिष्ट, शैलेन्द्र सिंह बघेल, आशीष नायडू और रामेश्वर निगवाल शामिल रहे।