मुरैना के हटूपुरा में दो परिवारों के बीच विवाद ने लिया हिंसक रूप; गोलियों की गूंज से मचा हड़कंप, ग्वालियर रेफर किए गए घायल
मुरैना। जिले के सुमावली थाना क्षेत्र के ग्राम हटूपुरा में रविवार को जमीन के पुराने विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। गुर्जर समाज के दो परिवार आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू हो गई। गोलियों की आवाज से पूरा गांव दहल उठा और लोग जान बचाने के लिए घरों में दुबक गए। घटना में दो सगे भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतकों की पहचान राजवीर गुर्जर और अजब सिंह गुर्जर के रूप में हुई है। दोनों को गोली लगने के बाद बचाने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, विक्की पुत्र अजब सिंह गुर्जर (28) और धीरेंद्र पुत्र रामजीलाल गुर्जर (50) गंभीर रूप से घायल हुए हैं। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को जिला अस्पताल मुरैना से बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर रेफर किया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही सुमावली थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने हालात को नियंत्रित करते हुए पूरे गांव में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी। तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना दोबारा न हो।
पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल के पीएम हाउस भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था, जो रविवार को हिंसक टकराव में बदल गया।
पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास और अन्य संबंधित धाराओं में कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और तनाव का माहौल बना हुआ है।