नई पदस्थापना पर ज्वाइन नहीं करने पर कार्रवाई; राजस्व, शहरी गरीबी और जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र शाखाओं का लिया जायजा, आवेदकों से भी किया संवाद
इंदौर। जन विश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने जोन क्रमांक 16 का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने राजस्व, शहरी गरीबी उपशमन प्रकोष्ठ, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र शाखा सहित विभिन्न विभागों के कामकाज की पड़ताल की। अधिकारियों और कर्मचारियों से लंबित आवेदनों की स्थिति पूछने के साथ समय-सीमा में प्रकरणों का निराकरण करने के निर्देश दिए।
राजस्व शाखा के निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने संपत्ति नामांतरण से जुड़े आवेदनों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आवेदनों को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखा जाए और निर्धारित समय सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए। शहरी गरीबी उपशमन प्रकोष्ठ में शासन की योजनाओं के तहत प्राप्त आवेदनों और उनकी प्रगति की भी समीक्षा की गई।
नए कार्य पर ज्वाइन नहीं किया तो सेवा समाप्त
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने कर्मचारियों के युक्तियुक्तकरण और कार्य आवंटन की स्थिति भी देखी। जोनल कार्यालय के दो कर्मचारियों को राजस्व विभाग में नवीन कार्य आवंटित किए जाने के बावजूद नई पदस्थापना पर ज्वाइन नहीं करना भारी पड़ा। आयुक्त ने दोनों कर्मचारियों की सेवा समाप्त करने के निर्देश दिए।
इसके बाद जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र शाखा समेत अन्य विभागों का निरीक्षण किया गया। प्रमाण पत्र बनवाने पहुंचे आवेदकों से आयुक्त ने सीधे संवाद कर प्रक्रिया और किसी तरह की परेशानी के बारे में जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान जोनल अधिकारी निर्माता हिण्डोलिया सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।