दमोह। नवागत सागर संभागायुक्त दिलीप कुमार ने दमोह दौरे के दौरान मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के साथ जिले में चल रहे विकास कार्यों और शासकीय व्यवस्थाओं की जमीनी स्थिति परखी। पटेरा की 37 ग्राम पंचायतों और 15 वार्डों में 37 अधिकारी दलों ने स्कूल, आंगनवाड़ी, छात्रावास,राशन दुकान सहित विभिन्न संस्थानों का निरीक्षण कर ग्रामीणों से सीधे संवाद किया।
संभागायुक्त ने ब्यारमा समूह जलप्रदाय योजना के जल शोधन संयंत्र,निर्माणाधीन पीएमश्री सांदीपनि विद्यालय और मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने और तय समय-सीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने बताया कि ब्यारमा योजना से 46 गांवों में पेयजल पहुंचाया जा रहा है।

ग्राम तिंदनी और बेला में सड़क की समस्या सामने आने पर तत्काल गिट्टी-मुरम डालकर मार्ग को आवागमन योग्य बनाने के निर्देश दिए गए। शिविर में संभागायुक्त और कलेक्टर ने ग्रामीणों से आवेदन लेकर संबंधित अधिकारियों को निराकरण के निर्देश दिए। स्वास्थ्य शिविर में 187 लोगों की जांच कर उपचार और निशुल्क दवाएं वितरित की गईं।
डॉ.रामकृष्ण कुसमरिया और विधायक उमा देवी खटीक ने शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं पर विचार रखे। कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने कहा कि जनता का विश्वास ही शासन की पहचान है। संभागायुक्त ने उद्यमियों से शासकीय योजनाओं का लाभ लेकर अपने उद्यम बढ़ाने का आह्वान किया।