← वापस
धार

जन-विश्वास अभियान में योजनाओं की सौगात: धार शिविर में हितग्राहियों को चेक, पट्टे और आयुष्मान कार्ड मिले  

राजवाड़ा दर्पण ब्यूरो
राजवाड़ा दर्पण ब्यूरो
जन-विश्वास अभियान में योजनाओं की सौगात: धार शिविर में हितग्राहियों को चेक, पट्टे और आयुष्मान कार्ड मिले

 

कलेक्टर ने अधिकारियों को दिए निर्देश- पात्र व्यक्ति तक समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचे योजनाओं का लाभ, एक ही जगह मिलीं कई सरकारी सेवाएं

      धार। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के तहत धार में आयोजित जिला स्तरीय शिविर में पात्र हितग्राहियों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिला। शिविर में लाड़ली लक्ष्मी, आयुष्मान, बीमा, कृषि राहत, शहरी विकास और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन सहित विभिन्न योजनाओं के तहत चेक, पट्टे और आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए।

        कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ हुआ। इस दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष निलेश भारती, सादलपुर मंडल अध्यक्ष आशीष जैन, जनपद उपाध्यक्ष जितेंद्र मंडलोई सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे।

      कलेक्टर राजीव रंजन मीना ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम छोर पर खड़े पात्र व्यक्ति तक समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र हितग्राही सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए। अभियान के तहत अधिकारियों ने मैदानी भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और हितग्राहियों से संवाद भी किया।

      शिविर में महिला एवं बाल विकास विभाग ने लाड़ली लक्ष्मी योजना के तहत पात्र बालिकाओं और हितग्राहियों को चेक वितरित किए। स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आयुष्मान कार्ड उपलब्ध कराए। बैंक ऑफ इंडिया सहित अन्य बैंकों के माध्यम से बीमा योजनाओं के हितग्राहियों को बीमा राशि के चेक दिए गए। कृषि एवं उद्यानिकी विभाग ने पात्र किसानों को राहत राशि के चेक वितरित किए।

     शहरी विकास योजना के तहत पात्र पट्टाधारकों को आधिकारिक पट्टे सौंपे गए। वहीं राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत पायल स्वसहायता समूह (जैतपुरा), मां शारदा स्वसहायता समूह (जैतपुरा), परी स्वसहायता समूह और महाराणा प्रताप स्वसहायता समूह को छह-छह लाख रुपए की ऋण राशि के चेक प्रदान किए गए।

     शिविर में विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए थे। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने स्टॉल का निरीक्षण कर योजनाओं की जानकारी ली तथा अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए। एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं मिलने से आमजन में उत्साह देखा गया।

      कार्यक्रम में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व राजकुमार हालदर, विभिन्न विभागों के अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, हितग्राही और आमजन उपस्थित रहे।

खबरें और भी हैं...