40 सवालों के साथ घर-घर होगा सर्वे; 25% ज्यादा कर्मचारी लगेंगे, सैन्य क्षेत्रों की जानकारी रहेगी गोपनीय
भोपाल। जनगणना-2027 के दूसरे चरण की तैयारियों के बीच बड़े ब्लॉक को छोटे हिस्सों में बांटने और कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने पर मंथन चल रहा है। फरवरी 2027 से प्रस्तावित घर-घर सर्वे में 40 सवाल पूछे जाएंगे। काम का बोझ बढ़ने के कारण दूसरा चरण तय समय से पहले शुरू करने की संभावना भी जताई जा रही है। इस बार करीब 25 प्रतिशत अधिक कर्मचारी लगाए जा सकते हैं। शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। नागरिक निर्धारित माध्यम से स्वगणना भी कर सकेंगे। पहले चरण में दर्ज मोबाइल नंबर समान रखने पर स्वगणना के दौरान क्षेत्र की जानकारी दोबारा भरने की जरूरत नहीं होगी। छावनी, वायुसेना और अन्य सैन्य क्षेत्रों की जानकारी गोपनीय प्रक्रिया से भेजी जाएगी।