इंदौर। नगर निगम ने नागरिकों को बड़ी राहत देते हुए जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र से जुड़ी सभी सेवाओं का विकेंद्रीकरण कर दिया है।अब शहरवासियों को जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र,डिजिटल प्रमाण पत्र, संशोधन अथवा पुराने पंजीयन से संबंधित कार्यों के लिए निगम मुख्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। ये सभी सेवाएं अब नगर निगम के सभी 22 जोनल कार्यालयों पर उपलब्ध होंगी।
सामान्य प्रशासन प्रभारी नंदकिशोर पहाड़ियों ने बताया कि महापौर पुष्यमित्र भार्गव और आयुक्त क्षितिज सिंघल के निर्देशानुसार यह नई व्यवस्था लागू की गई है। जन्म-मृत्यु पंजीयन विभाग ने सभी जोनल अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए हैं।
नई व्यवस्था के तहत प्रत्येक जोन के अंतर्गत आने वाले निजी अस्पतालों, श्मशान घाटों और कब्रिस्तानों से प्राप्त जन्म एवं मृत्यु पंजीयन संबंधी प्रकरणों का संचालन संबंधित जोनल अधिकारी के अधीक्षण में किया जाएगा। वहीं,पुराने जन्म एवं मृत्यु पंजीयन से जुड़े आवेदन भी संबंधित जोनल कार्यालयों को भेजे जाएंगे। आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद इनका अनुमोदन जिला रजिस्ट्रार,योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग द्वारा किया जाएगा।
नगर निगम के अनुसार,सभी 22 जोनल अधिकारियों को सब-रजिस्ट्रार की जिम्मेदारी सौंप दी गई है। इससे नागरिक अपने क्षेत्र के नजदीकी जोनल कार्यालय में ही जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र से संबंधित सभी सेवाओं का लाभ आसानी से प्राप्त कर सकेंगे। निगम का मानना है कि इस व्यवस्था से लोगों का समय बचेगा,भीड़ कम होगी और सेवाएं अधिक पारदर्शी व त्वरित रूप से उपलब्ध हो सकेंगी।