वाहन-डीजे सौदे के ₹9.21 लाख बकाया को लेकर महीनों से परेशान था; अफसरों ने समय रहते पकड़ा, टली बड़ी घटना
इंदौर। कलेक्टर कार्यालय में मंगलवार को चल रही जनसुनवाई उस समय अचानक तनावपूर्ण हो गई, जब अपनी शिकायत लेकर पहुंचे एक युवक ने खुद पर ज्वलनशील पदार्थ उड़ेल लिया। युवक आत्मदाह की कोशिश करता, इससे पहले ही वहां मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों ने उसे दबोच लिया। समय रहते हस्तक्षेप होने से बड़ी घटना टल गई। कुछ देर के लिए जनसुनवाई स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल रहा।
एसडीएम घनश्याम धनगर के अनुसार युवक वाहन से जुड़े विवाद को लेकर काफी समय से परेशान था। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया कि उसने 31 जनवरी 2025 को करीब 11.21 लाख रुपए में वाहन और डीजे खरीदा था। सौदे के समय उसने 2 लाख रुपए का भुगतान किया। शेष रकम आठ महीने में देने की मौखिक सहमति बनी थी।
तय समय में भुगतान नहीं होने पर वाहन मालिक ने युवक को करीब चार महीने का अतिरिक्त समय भी दिया। इसके बावजूद रकम नहीं चुकाई जा सकी। इसके बाद दूसरे पक्ष ने वाहन अपने कब्जे में ले लिया। वाहन वापस लेने के बाद युवक ने पुलिस थाने से लेकर पुलिस कमिश्नर कार्यालय और कलेक्टर कार्यालय तक शिकायतें कीं।
जनसुनवाई में अचानक उठाया कदम
मंगलवार को इसी शिकायत के साथ युवक कलेक्टर कार्यालय पहुंचा था। अधिकारियों के सामने सुनवाई चल रही थी, तभी उसने अचानक अपने ऊपर तरल पदार्थ डाल लिया। हरकत देखते ही कर्मचारियों ने उसे पकड़ लिया और आग लगाने से रोक दिया।
एसडीएम धनगर ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला वाहन की खरीद और भुगतान को लेकर दोनों पक्षों के बीच हुए मौखिक समझौते का है। प्रशासन ने युवक का पक्ष सुना है और अब दूसरे पक्ष को भी बुलाया गया है। दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।