← वापस
छत्तीसगढ़

जेपीएससी आंदोलन में एआईएसए अध्यक्ष पर स्याही फेंकी: विधानसभा घेराव के दौरान युवक ने नेहा बोरा को बनाया निशाना, हिरासत में लिया  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
जेपीएससी आंदोलन में एआईएसए अध्यक्ष पर स्याही फेंकी: विधानसभा घेराव के दौरान युवक ने नेहा बोरा को बनाया निशाना, हिरासत में लिया

 

14वें जेपीएससी को रद्द करने की मांग पर 14 दिन से धरना; 4 दिन से अनशन कर रहे राहुल क्रांति की तबीयत बिगड़ी, अस्पताल में भर्ती

     रांची। 14वें जेपीएससी को रद्द करने की मांग को लेकर झारखंड में चल रहे छात्र आंदोलन के दौरान शुक्रवार को हंगामा हो गया। छात्रों के समर्थन में विधानसभा घेराव के लिए निकले ऑल इंडिया स्टूडेंट यूनियन (एआईएसए) के कार्यकर्ताओं के बीच एक युवक ने संगठन की अध्यक्ष नेहा बोरा पर स्याही फेंक दी। घटना के बाद पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया।

     बताया जा रहा है कि हिरासत में लिया गया युवक अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़ा है। हालांकि, घटना के कारणों और युवक की भूमिका को लेकर पुलिस की ओर से विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। विधानसभा घेराव के दौरान हुई इस घटना के बाद मौके पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई।

        14 दिन से धरने पर छात्र

     छात्र 14वें जेपीएससी को रद्द करने सहित अपनी मांगों को लेकर पिछले 14 दिनों से धरने पर बैठे हैं। आंदोलन के तहत शुक्रवार को एआईएसए कार्यकर्ताओं ने विधानसभा घेराव का प्रयास किया। इस दौरान बड़ी संख्या में छात्र और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

    अनशनकारी की तबीयत बिगड़ी

आंदोलन के बीच चार दिन से अनशन कर रहे राहुल क्रांति की शुक्रवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद उन्हें जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से रांची सदर अस्पताल ले जाया गया। वहीं देवेंद्र नाथ समेत छह आंदोलनकारी अब भी भूख हड़ताल पर हैं।

निशिकांत दुबे बोले- 13 अगस्त तक फैसला नहीं तो आंदोलन में शामिल होऊंगा

     भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने भी छात्र आंदोलन को लेकर बयान दिया है। उन्होंने कहा कि यदि 13 अगस्त तक छात्रों की मांगों पर कोई फैसला नहीं हुआ तो वे पार्टी से अनुमति लेकर आंदोलन में शामिल होंगे। इससे आंदोलन को राजनीतिक समर्थन मिलने के संकेत भी मिल रहे हैं।

खबरें और भी हैं...