‘नेताजी की बिल्डिंग’ का हिस्सा गिरते ही मची चीख-पुकार, 4 महिलाएं घायल; मौके पर राहत-बचाव जारी
सांवेर। सांवेर में बुधवार शाम जर्जर मकान का हिस्सा अचानक भरभराकर गिरने से बड़ा हादसा हो गया। हादसे में मलबे में दबने से तीन महिलाओं की मौत की सूचना है, जबकि चार महिलाएं घायल हुई हैं। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। एक बच्चे के भी मलबे में दबे होने की सूचना है। राहत-बचाव दल मलबा हटाकर उसकी तलाश में जुटा है।
जानकारी के अनुसार क्षेत्र में ‘नेताजी की बिल्डिंग’ के नाम से चर्चित यह मकान लंबे समय से जर्जर हालत में था। बताया जा रहा है कि मकान से मलबा निकालने का काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक इमारत का एक हिस्सा भरभराकर नीचे आ गिरा। उस समय वहां कई लोग मौजूद थे, जो मलबे की चपेट में आ गए।
मकान गिरते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल बचाव कार्य शुरू करते हुए मलबा हटाने का प्रयास किया। सूचना मिलने पर सांवेर पुलिस और एंबुलेंस भी मौके पर पहुंचीं। इसके बाद राहत-बचाव दल ने मलबा हटाने का काम तेज किया।
हादसे में सुशीला रमेश (50) सीमा भेरूलाल (35) और रीना लखन (30) की मौत की सूचना सामने आई है। चार घायल महिलाओं को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। वहीं एक बच्चे के मलबे में दबे होने की सूचना के बाद बचाव दल उसकी तलाश में जुटा है।
जर्जर मकान में मलबा हटाने का काम किसकी अनुमति और निगरानी में चल रहा था, इसे लेकर सवाल उठ रहे हैं। घटना के बाद प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचकर हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रहा है। मृतकों और घायलों की जानकारी की आधिकारिक पुष्टि के बाद स्थिति और स्पष्ट होगी।