झाबुआ। खाद की परेशानी से नाराज सैकड़ों किसानों का गुस्सा गुरूवार को सड़क पर फूट पड़ा। सुबह से खाद लेने के लिए कतार में लगे किसानों ने ई-टोकन प्रणाली में आ रही दिक्कतों के चलते चक्काजाम कर दिया। करीब एक घंटे तक चले प्रदर्शन से सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
किसानों का कहना था कि वे सुबह 5 बजे से खाद लेने के लिए लाइन में खड़े हैं, इसके बावजूद उन्हें खाद नहीं मिल रही है। ई-टोकन की प्रक्रिया में परेशानी के कारण किसानों को बार-बार चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। उनका आरोप था कि सरकार खाद की पर्याप्त उपलब्धता का दावा कर रही है, लेकिन जमीनी स्तर पर स्थिति अलग है।
चक्काजाम की सूचना मिलते ही प्रशासन और कृषि विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने किसानों को समझाइश देकर प्रदर्शन समाप्त कराया। इसके बाद यातायात बहाल हो सका।
जिला कृषि अधिकारी एसएस चौहान ने बताया कि जिले में खाद का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। शासन द्वारा निर्धारित प्रक्रिया में तकनीकी समस्या आ रही थी, जिसे अब ठीक कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी मांग के अनुसार खाद उपलब्ध कराया जाएगा।