← वापस
इंदौर

झंडियां टूटने पर विवाद, विसर्जन से लौट रहे युवक पर चाकू से हमला!  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
झंडियां टूटने पर विवाद, विसर्जन से लौट रहे युवक पर चाकू से हमला!

 

देवनगर में चाकूबाजी; अमर उर्फ बाला के सीने, गर्दन और पेट के पास आई चोटें, 3-4 संदिग्धों की तलाश में जुटी पुलिस

इंदौर। एमआईजी थाना क्षेत्र के देवनगर में देवी प्रतिमा विसर्जन से लौट रहे दो पक्षों के बीच सजावटी झालर टूटने की बात पर विवाद हो गया। कहासुनी इतनी बढ़ी कि मामला चाकूबाजी तक पहुंच गया। हमले में अमर उर्फ बाला घायल हो गया। उसके सीने, गर्दन और पेट के पास चोटें आई हैं। घटना के बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, देवी प्रतिमा विसर्जन के बाद एक पक्ष आईसर वाहन से लौट रहा था। देवनगर की संकरी गली से वाहन निकालते समय दूसरे पक्ष की सजावटी झालर टूट गईं। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और अमर उर्फ बाला पर चाकू से हमला कर दिया गया।

घटना की सूचना मिलने के बाद एमआईजी थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई। शुरुआती जानकारी के आधार पर तीन से चार संदिग्धों के नाम सामने आए हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है। अधिकारियों के मुताबिक, घायल की मेडिकल रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

     अमरेंद्र सिंह, एडिशनल डीसीपी के अनुसार,पुलिस मामले की जांच कर रही है और सामने आए संदिग्धों की तलाश की जा रही है।

खबरें और भी हैं...