इंदौर। झांकी मार्ग पर हादसे का खतरा बने चार अति जर्जर भवनों के खिलाफ नगर निगम ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की। भवन अधिकारियों की मौजूदगी में भवनों को हटाने का काम शुरू किया गया। कार्रवाई के दौरान किसी तरह की अप्रिय स्थिति न बने,इसके लिए दो थानों का पुलिस बल भी मौके पर तैनात किया गया था।
निगम भवन अधिकारी सतेंद्र सिंह राजपूत ने बताया कि जो भवन संरचनात्मक रूप से अस्थिर हैं और जिनसे जनहानि की आशंका है,उन्हें हटाने के निर्देश दिए गए हैं। इसी के तहत जोन-20 में झांकी मार्ग पर आने वाले चार अति खतरनाक भवनों को हटाया गया है।
पहले नोटिस,नहीं माने तो अब सीधी कार्रवाई
अधिकारियों के अनुसार भवन मालिकों को पहले कई बार नोटिस देकर भवन खाली करने और जरूरी कार्रवाई करने की समझाइश दी गई थी। इसके बावजूद भवन खाली नहीं किए गए। झांकी मार्ग पर बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही और भीड़ को देखते हुए इन भवनों को गंभीर खतरा माना गया।
कार्रवाई के लिए निगम की कई टीमें मौके पर तैनात थी। तीन पोकलेन और पांच जेसीबी मशीनों की मदद से जर्जर भवनों को हटाने का काम तेजी से किया गया। निगम का कहना है कि जनहानि की आशंका वाले जर्जर भवनों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।