इंदौर। अनंत चतुर्दशी के ऐतिहासिक झांकी चल समारोह को देखते हुए नगर निगम ने झांकी मार्गों की सड़कों को दुरुस्त करने का काम तेज कर दिया है। झांकियों के सुगम और सुरक्षित आवागमन के लिए गड्ढों व क्षतिग्रस्त हिस्सों पर पेचवर्क के साथ सड़क रेस्टोरेशन कराया जा रहा है।
निगम ने 15 सितंबर से भंडारी पुल चौराहा से चिमनबाग चौराहा तक कोल्ड मिक्स से पेचवर्क शुरू किया है। इस दौरान सड़क पर मौजूद गड्ढों और टूटे हिस्सों की मरम्मत की जा रही है। वहीं, झांकी मार्ग के प्रमुख स्थानों पर हॉट मिक्स डामरीकरण भी कराया जा रहा है। चिकमंगलूर चौराहा और जगदीश स्वीट्स के समीप हॉट मिक्स से सड़क सुधार का काम कराया गया है।
इससे पहले निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल और कार्यकारी महापौर राजेंद्र राठौर ने जेल रोड सहित प्रमुख झांकी मार्गों का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान ड्रेनेज लाइन का काम समय-सीमा में पूरा करने और इसके बाद सड़क का तत्काल रेस्टोरेशन करने के निर्देश दिए गए थे।
निगम अधिकारियों के मुताबिक अनंत चतुर्दशी पर बड़ी और भारी झांकियों के आवागमन को देखते हुए मार्गों को व्यवस्थित किया जा रहा है, ताकि चल समारोह के दौरान सड़क की खराब स्थिति के कारण किसी तरह की परेशानी न हो।